खुर्जा पुलिस का कारनामा दुष्कर्म का मामला छेड़छाड़ में किया दर्ज
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला से नंदोई द्वारा दुष्कर्म के मामले को पुलिस ने छेड़छाड़ में दर्ज किया है। जिससे पीड़िता परेशान है। वह अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटकर न्याय की गुहार लगा रही है।
बुलंदशहर, जेएनएन। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला से नंदोई द्वारा दुष्कर्म के मामले को पुलिस ने छेड़छाड़ में दर्ज किया है। जिससे पीड़िता परेशान है। वह अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटकर न्याय की गुहार लगा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी बीते 14 नवंबर 2018 को मेरठ निवासी एक युवक से हुई थी। जिसमें उसके पिता ने करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके सुसराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में सैंट्रो कार की मांग करते आए हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उससे मारपीट भी की गई। यह भी आरोप है कि उसके नंदोई ने 28 सितंबर को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही सुसराल पक्ष के लोग मारपीट करने के बाद उसे खुर्जा लाकर रास्ते में छोड़कर चले गए। मामले में पीड़िता ने पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने पीड़िता की तहरीर बदलवा कर दुष्कर्म का मुकदमा छेड़छाड़ में दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी एमके उपाध्याय ने बताया कि आरोप निराधार है। मामले में तहरीर के आधार पर ही मुकदमा दर्ज किया गया है।