कोलकाता में खुर्जा की बेटी ने जीता कांस्य पदक
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित हुई वुशू प्रतियोगिता में खुर्जा की बेटी ने परचम लहराया है। उसने कांस्य पदक जीतकर अपने जिले और गांव का नाम रोशन किया है।
कोलकाता में खुर्जा की बेटी ने जीता कांस्य पदक
बुलंदशहर, जेएनएन। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित हुई वुशू प्रतियोगिता में खुर्जा की बेटी ने परचम लहराया है। उसने कांस्य पदक जीतकर अपने जिले और गांव का नाम रोशन किया है। खुर्जा वापस लौटने पर गुरुवार को बेटी का जोरदार स्वागत किया गया।
कोलकाता में वुशू जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खुर्जा के गांव टेना गोसपुर निवासी राशि सोलंकी पुत्री सुनील सोलंकी काफी समय से मेहनत कर रही थी। वह कोच अमित शर्मा की देखरेख में प्रशिक्षण ले रही थी। यह प्रतियोगिता आठ जनवरी से लेकर 12 जनवरी तक होनी थी। इस प्रतियोगिता में दूसरे देशों के खिलाड़ी भी आए हुए थे। राशि सोलंकी ने बताया कि उसने वुशू में कोच के बताए अनुसार, बेहतर प्रदर्शन किया। जिस कारण वह कांस्य पदक जीत पाई। गुरुवार को राशि अपने गांव लौटी तो उसका पूरे गांव ने जोरशोर से स्वागत किया। इस दौरान ग्राम प्रधान और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। राशि का कहना है कि उसका सपना है कि ओलंपिक में गोल्ड लेकर आए। इसलिए वह अभी से मेहनत करेगी और अपने सपने को पूरा करेगी। उसने कांस्य पदक का श्रेय अपने कोच और माता पिता को दिया है।