'उम्मीदों' की उड़ान पर भारी पड़ी 'खामोशी'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषण शैली से सभी परिचित हैं।
नवनीत शर्मा, बुलंदशहर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषण शैली से सभी परिचित हैं। भाजपा के जिला कार्यालयों के उद्घाटन समारोह में आमंत्रित कार्यकर्ताओं को भी अपने नेता की बात उसी शैली में सुनने की चाह थी लेकिन चंद शब्द बोलकर योगी मंच से हट गए। इसके अलावा जिले के लोगों को विकास से जुड़ी कुछ खास घोषणाओं की भी उम्मीद थी, लेकिन बात केंद्र सरकार की योजनाओं के गुणगान से आगे नहीं बढ़ सकी।
पश्चिम में भाजपा चुनावी अभियान का शुभारंभ कर चुकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी इसी सप्ताह पश्चिम में अमरोहा, अलीगढ़ के बाद बुधवार को बुलंदशहर में जनसभा को संबोधित कर इस अभियान को धार दी। वह काफी देर तक मंच से अपनी बात कहते रहे लेकिन कार्यकर्ताओं में सबसे अधिक जोश अपने मुख्यमंत्री का भाषण सुनने का था। मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक योगी-योगी के नारे लगाए। मुख्यमंत्री भी उनका जोश देख गदगद नजर आए।
चार मिनट में बात समाप्त
स्वागत के बाद सीधे योगी ने अपनी बात शुरू की और मात्र चार मिनट में ही पूरी बात समाप्त भी कर दी। भाषण के दौरान भी योगी ने कार्यालय निर्माण, पार्टी के सिद्धांत, मूल्यों तक ही अपनी बात सीमित रखी। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई दी और अपनी सीट पर बैठ गए। योगी के इस संक्षिप्त भाषण पर कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नेता भी हैरान से दिखे।
उम्मीद तो बहुत थी, पर कोई घोषणा नहीं
कृषि प्रधान जनपद होने के कारण यहां की खेती-किसानी, सिकंदराबाद के उद्योग, हाईवे निर्माण आदि के विकास की घोषणा होने की उम्मीद कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जिले के लोगों को भी थी लेकिन ऐसी कोई घोषणा नहीं हो सकी। स्वागत में पॉटरी, मिला कुछ नहीं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का स्वागत पॉटरी उत्पाद (फ्लावर पॉट) देकर किया गया। शाह ने उत्पाद की तारीफ भी की। खुर्जा का पॉटरी उद्योग प्रदेश सरकार की एक जिला एक उत्पाद योजना में भी शामिल है लेकिन उद्योग के विकास की कोई बात नहीं हुई। तमाम माध्यमों से खुर्जा के पॉटरी उद्यमी अपनी बात सरकार के समक्ष रख चुके हैं।