खुर्जा-जेवर मार्ग पर बनी रही जाम की स्थिति
गन्ने के समर्थन मूल्य को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने खुर्जा-जेवर मार्ग पर गन्ना की होली जलाई। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहीं।
बुलंदशहर, जेएनएन। गन्ने के समर्थन मूल्य को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने खुर्जा-जेवर मार्ग पर गन्ना की होली जलाई। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहीं। किसानों ने मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले बुधवार को खुर्जा-जेवर मार्ग पर काफी किसान एकत्र हो गए। जहां उन्होंने सभा का आयोजन किया। इस दौरान भाकियू युवा के मेरठ मंडल अध्यक्ष एडवोकेट चौधरी अरब सिंह ने कहा कि बीते तीन वर्षों से सरकारी ने गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया है। जबकि किसानों की आय दुगनी करने की बात सरकार करती है। वर्तमान में किसानों की लागत भी बढ़ गई है। ऐसे में उनकी मेहनत-मजदूरी भी नहीं निकल पा रही है। वहीं तहसील अध्यक्ष चौधरी कल्याण सिंह ने कहा कि अगर सरकार ने शीघ्र ही गन्ने का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाया, तो आगामी दिनों में भाकियू कार्यकर्ता उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। जिसके बाद किसानों ने जमकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और खुर्जा-जेवर मार्ग पर जाम लगा दिया। साथ ही वहां पर गन्ने की होली जलाते हुए अपना विरोध जताया। मौके पर पहुंची एसडीएम ईशा प्रिया को मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें योगेंद्र अत्री, राकेश चौधरी, रामवीर गौतम, रामदास सिंह, मोहन पहलवान, चमन चौधरी, रिकू चौधरी, प्रकाश सिंह, गौरव चौधरी, महेंद्र सिंह, राजवीर सिंह आदि रहे।