नगर हाईवे पर जाम ने छुड़ाए वाहन सवारों के पसीने
नगर हाईवे पर रात के बाद रविवार सुबह भी वाहन चालकों को जाम से राहत नहीं मिली।
सिकंदराबाद: नगर हाईवे पर रात के बाद रविवार सुबह भी वाहन चालकों को जाम से राहत नहीं मिली। तीन किमी तक लगे लंबे जाम में फंसे लोग बेहाल रहे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए चार घंटे बाद जाम खुलवाया।
शनिवार शाम सात बजे से ग्यारह बजे तक नगर हाईवे के प्रमुख मार्ग पर वाहनों के फंसने से लोगों को सुबह भी राहत नहीं मिली। सुबह आठ बजे गुलावठी तिराहे के बाद दनकौर तिराहे पर जाम लगना शुरू हो गया। एक दूसरे को ओवरटेक करने के चलते तीन से चार किमी तक नगर हाईवे व प्रमुख मार्ग पर जाम लग गया। सुबह दस बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन संचालन सुचारू किया, लेकिन सफलता न मिलने पर औद्योगिक क्षेत्र व सुखलालपुर बाइपास से बड़े वाहनों को रूट डायवर्ट किया। जिन्हें बाईपास से निकाला गया, लेकिन दनकौर व जेवर रोड जाने वाले वाहनों को गुलावठी अंडरपास से अंदर से जाम से निजात नहीं मिली। जाम खुलवाने के लिए हर तिराहे समेत सड़क के बीच डिवाइडर रूप में पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद ही दोपहर बारह बजे जाम में फंसे वाहनों को निकाला गया।