बुलंदशहर-स्याना रोड पर लगा जाम, लोग परेशान
शहर में रोजाना लगने वाले जाम से लोग हलकान हैं। हर गली चौराहा जाम से जूझ रहा हैं। गुरुवार को भी स्याना रोड पर जाम लगा। इससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार इस समस्या का निजात दिलाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
जेएनएन, बुलंदशहर। शहर में रोजाना लगने वाले जाम से लोग हलकान हैं। हर गली, चौराहा जाम से जूझ रहा हैं। गुरुवार को भी स्याना रोड पर जाम लगा। इससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार इस समस्या का निजात दिलाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
गुरुवार को दिन निकलते ही स्याना रोड पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम लग गया। हालात यह रहे कि जरा सी दूरी तय करने में घंटों लगे। एंबुलेंस भी जाम में फंसी लगी रही। पैदल राहगीरों को भी निकलने में मुश्किल हुई। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात की लचर व्यवस्था, नो एंट्री में वाहनों का प्रवेश पर रोक लगाने की बेहतर व्यवस्था न होना, सड़क पर अतिक्रमण, बेतरतीब वाहनों का संचालन आदि की वजह से शहर की सड़कों पर जाम लगता है। व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी मुस्तैद नहीं रहते। लोग भी नियमों का पालन नहीं करते हैं। इससे जाम की समस्या बनी रहती है। हालांकि स्थानीय प्रशासन से कई बार समस्या समाधान की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं होती है।
संवाद सूत्र, स्याना : नगर के मुख्य बाजारों में दिन भर लगे जाम से आमजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है।
नगर के मेन बाजार, लाला झंगीरी मंडी, किरन टाकीज रोड व सब्जी मंडी आदि मार्गो आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में बाजारों में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम में वाहनों के फंस जाने से पैदल चलने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहे है। नगर की पुलिस व नगरपालिका द्वारा जाम से निपटने के लिए कोई प्लान तैयार नहीं किया जा रहा है। नगर के व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश चौहान ने बताया कि नगर में कोई स्थाई पार्किंग नहीं होने से बाजार में जाम की समस्या बनी रहती है। व्यापारियों द्वारा अनेकों बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर नगर में स्थाई पार्किंग बनाए जाने की मांग की जा चुकी है। लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। चौहान ने कहा कि फिर एक बार जल्द ही व्यापारी आंदोलन के माध्यम से स्थाई पार्किंग की मांग करेंगे।