हर तरफ जाम, सड़क पर बीत गया मुहूर्त
शुक्रवार रात जिले की अधिकांश सड़कों पर जाम ने लोगों को काफी परेशान किया। शादी समारोह बड़ी संख्या में होने के कारण वाहनों की लंबी कतार सड़कों पर लगी। घंटों जाम में फंसे रहे।
बुलंदशहर: शुक्रवार रात जिले की अधिकांश सड़कों पर जाम ने लोगों को काफी परेशान किया। शादी समारोह बड़ी संख्या में होने के कारण वाहनों की लंबी कतार सड़कों पर लगी। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकली अधिकांश बरात जाम में फंसने के कारण शुभ मुहूर्त के बाद पहुंची। उधर, जाम लगने की सूचना के काफी देर बाद पुलिस सड़क पर उतरी।
बुलंदशहर-मेरठ हाईवे संख्या-235 पर ब्रजनाथपुर के पास नहर के पुल पर शुक्रवार रात सात बजे से वाहनों की कतार लगानी शुरू हुई। जाम में फंसे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। पुलिस के नहीं आने से पुल पर वाहन फंस गए और रात दस बजे तक पांच किमी लंबा जाम लग गया। बाद में किसी प्रकार जाम को खुलवाया गया और रात एक बजे के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। ऐसे ही बुलंदशहर-गढ़ हाईवे पर स्याना अड्डे के पास भी भीषण जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी प्रकार रात 12 बजे के बाद जाम खुलवाकर वाहनों को निकाला गया। ऐसे ही भूड़ चौराहे पर भी रातभर जाम की स्थिति रही। सिकंदराबाद और खुर्जा में भी नेशनल हाइवे-91 पर भी रात में कई बार जाम लगा और वाहनों की लंबी कतार लगी। उधर, जाम लगने के कारण सबसे अधिक दिक्कतों का सामना वाहनों में सवार बारातियों को करना पड़ा। तमाम बारात मुहूर्त निकलने के बाद शादी समारोह स्थल पर पहुंची।
इन्होंने कहा ..
जाम की समस्या से बचने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कई बार सड़क पर वाहन खराब होने पर भी जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों को दिक्कत कम से कम हो, इस लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
- अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी