किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी
किसानों को जागरूक करने के लिए बुधवार को ब्लाक स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
बुलंदशहर, जेएनएन: किसानों को जागरूक करने के लिए बुधवार को ब्लाक स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी से अवगत कराया।
ब्लाक स्तरीय किसान गोष्ठी के आयोजन में कृषि वैज्ञानिक रामगोपाल वर्मा ने बताया कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कई योजना चला रही है। इसका किसानों को लाभ लेना चाहिए। फसल की अधिक पैदावार के लिए किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने एवं उर्वरक के प्रयोग की जानकारी से अवगत कराया। उन्होने कहा कि किसानों समय समय पर अपने खेतों के तत्वों की जांच कराते रहना चाहिए। जिससे बुवाई की जाने वाली फसल को रोगों से समय चलते बचाया जा सके। इस मौके पर पशु चिकित्सक डा. संदीप कुमार ने सरकार की पशु योजना और डेरी के लिए मिलने वाले सरकारी अनुदान से भी अवगत कराया। किसान ऋषिपाल सिंह ने फसल को अधिक नुकसान पहुंचा रहे बेसहारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। इसका गोष्ठी में आए सभी किसानों ने उनकी मांग का समर्थन किया। किसानों ने कहा कि फसल में रोगों से अधिक खुलेआम घूम रहे बेसहारा पशु नुकसान करते चले आ रहे हैं। गोष्ठी में ओपी सिंह, मनोज कुमार, श्रीकांत शर्मा, वीरपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, अंकुर चौधरी आदि उपस्थित रहे।