राम की नगरी को रोशन करेंगे इमरान के दीये
देश में लोग वामपंथी कट्टरपंथी समेत कई धार्मिक उन्माद को लेकर उलझते रहते हैं लेकिन यहां शहर के देवीपुरा में रहीम के अनुयायी भगवान राम की नगरी को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये बनाने में रात-दिन जुटे हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन: देश में लोग वामपंथी, कट्टरपंथी समेत कई धार्मिक उन्माद को लेकर उलझते रहते हैं, लेकिन यहां शहर के देवीपुरा में रहीम के अनुयायी भगवान राम की नगरी को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये बनाने में रात-दिन जुटे हैं। रहीम के अनुयायियों को 20 अक्टूबर तक 60 हजार दीये बनाकर देने हैं। इन दीयों से अयोध्या नगरी रोशन होगी।
राम की नगरी अयोध्या को इस बार की दीपावली रोशन करने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से जोरशोर से तैयारी चल रही है। दीपोत्सव सज्जा की तैयारी के लिए भगवान राम के अनुयायी अयोध्या में जुटे हैं। इस दीपावली पर वहां तीन लाख 21 हजार दीये जलाए जाएंगे। तीन लाख 21 हजार दीयों में 60 हजार दीये बुलंदशहर में निर्मित होंगे। देवीपुरा निवासी इमरान ने बताया कि उनके समेत करीब दस परिवार पिछले दस दिन से दीये बनाने में जुटे हुए हैं। 20 अक्टूबर तक दीये अयोध्या पहुंचने हैं। लखनऊ के एक ठेकेदार के द्वारा उनको दीयों का बड़ा आर्डर दिया है। कुछ रकम एडवांस भी मिली है। हनीफा ने बताया कि वह बचपन से दीये बनाती आ रही हैं, अब नये जमाने में दीयों की डिमांड कम हो रही है, लेकिन अब से तीस साल पहले तक दीयों की बहुत डिमांड थी। यहां दीये बनाने वाले गरीब परिवार हैं, आज भी पत्थर के चाक पर परंपरागत तरीके से दीयों का निर्माण कर रहे हैं। त्योहारी सीजन में मिट्टी के बर्तन और दीयों से ही उनका परिवार चलता है।
योगी से उम्मीद
-दीये बनाने वाले परिवार वालों को मुख्यमंत्री योगी से काफी उम्मीदें हैं, हनीफा ने बताया कि वर्षों से दीये बनाते आ रहे हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति पहले जैसी ही है। उम्मीद है कि योगी जी हम गरीबों के लिए भी कुछ न कुछ जरुर करेंगे।