अवैध संबंधों के शक में पति ने की पत्नी की हत्या, आठ साल की शादी में आए दिन होते थे झगड़े Bulandshahar News
बुलंदशहर में एक युवक ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित पति मौके से फरार है।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के गांव शरीफपुर भैंसरोली में एक युवक ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और जांच शुरू कर दी। आरोपी पति मौके से फरार है।
यह है मामला
गांव शरिफपुर भैंसरोली निवासी आबिद मेहनत मजदूरी करता है। करीब 8 साल पहले उसकी 35 वर्षीय शबाना के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही आबिद अपनी पत्नी शबाना पर शक करता था। वह शबाना को मारता-पीटता था। बुधवार की दोपहर करीब 11:30 बजे भी शबाना और आबिद के बीच में झगड़ा हुआ। इसी विवाद के चलते आबिद ने शबाना को तमंचे से गोली मार दी। शबाना की मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसियों ने गोली की आवाज सुनी तो वह दौड़कर शबाना के घर पहुंचे। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने घटना की जांच शुरू की और आबिद की तलाश में गांव के कई घरों में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिल पाया।
इन्होंने बताया
कार्यवाहक एसएसपी शिवराम यादव का कहना है कि फिलहाल जांच में सामने आया है कि आबिद अपनी पत्नी पर शक करता था। इसी कारण उसने उसकी हत्या की है।