रजवाहे की पटरी टूटी सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद
रुड़की लिंक नहर के रजवाहे की पटरी पर गुरुवार रात्रि बंदरजुड्डा गांव के समीप से अचानक टूट गई। इस कारण करीब सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद होने से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
सहारनपुर, जेएनएन। रुड़की लिंक नहर के रजवाहे की पटरी पर गुरुवार रात्रि बंदरजुड्डा गांव के समीप से अचानक टूट गई। इस कारण करीब सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद होने से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
रजवाहे की पटरी छह से सात फीट एरिया में पानी का तेज बहाव होने के कारण टूटी है। किसानों का इसका पता शुक्रवार की सुबह खेतों पर जाकर चला। खेतों में चारों तरफ खड़ी फसले जलमग्न देख किसानों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। खेतों में पानी भरने से मोनू प्रधान की 30 बीघा, विकास की 20 बीघा, संजय व आदेश की 5-5 बीघा के अलावा ओमपाल, सोमपाल व बाबूराम की करीब 30 बीघा गन्ना व ज्वार के अलावा अन्य किसानों की भी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि राजवाहे की पटरी कमजोर होने के कारण टूटी है। लेकिन सिचाई विभाग के कर्मचारी कमजोर पड़ चुकी पटरियों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। बाद में किसानों ने सिचाई विभाग और प्रशासन के अधिकारियों को फोन कर पटरी टूटी होने की जानकारी दी। साथ ही लकड़ी व रेत-मिट्टी भरकर बोरियां को टूटे स्थान पर लगाकर पानी का बहाव रोकने का प्रयास किया। किसानों ने प्रशासन ने नुकसान हुई फसलों का मुआवजा दिलाने की मांग की है। एसडीएम देवेंद्र पांडेय ने बताया कि सिचाई विभाग के एक्सईएन को जानकारी दे दी गई है। टूटी पटरी को जल्द दुरुस्त करा दिया जाएगा।