यह कैसी स्वच्छता..शोपीस बने डस्टबीन
स्वच्छता को लेकर जहां एक तरफ अधिकारी गंभीर दिखाई देते हैं। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोग और कर्मियों की लापरवाही स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रही है।
बुलंदशहर, जेएनएन: स्वच्छता को लेकर जहां एक तरफ अधिकारी गंभीर दिखाई देते हैं। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोग और कर्मियों की लापरवाही स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रही है। कई स्थानों पर डस्टबीन दिनभर उलटे रहते हैं और कई जगह टूटे डस्टबीन में कूड़ा डाला जा रहा है। जिनको शिकायतों के बाद भी ठीक नहीं कराया जा रहा है।
खुर्जा नगर में साफ-सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाया गया है और लोग कूड़े को फुटपाथ या सड़क पर ना फेंके। जिसके लिए लाखों रुपये खर्च करके मंदिर मार्ग, गांधी मार्ग, तहसील मार्ग, सुभाष मार्ग समेत अधिकांश मार्गो पर डस्टबीन लगाए गए थे। जिन्हें लगाने का उद्देश्य नगर को साफ-सुथरा बनाना था। अधिकारियों को उम्मीद थी कि इन डस्टबीन में लोग कूड़े को डालेंगे और नियमित रूप से इन डस्टबीन की साफ-सफाई का कार्य कर्मचारी करेंगे। वर्तमान में यह दोनों उम्मीद टूटती हुई नजर आ रही है। क्योंकि अधिकांश मार्गों पर लगे डस्टबीन दिनभर उलटे पड़े रहते हैं। अगर ऐसे में कोई डस्टबीन में कूड़ा डाले भी तो कैसे डाले। क्योंकि किसी को इतनी फुर्सत नहीं मिलती कि उन उलटे पड़े डस्टबीन को सीधा कर दिया जाए। इसके अलावा कई स्थानों पर लगे डस्टबीन टूटे पड़े हुए हैं। ऐसे में राहगीर उन टूटे पड़े डस्टबीन के आसपास ही कूड़ा डाल देते है। ऐसे में शोपीस बने यह डस्टबीन कबाड़ में तब्दील होते हुए नजर आ रहे हैं। जिससे स्वच्छता अभियान को पलीता लगता हुआ नजर आ रहा है। साथ ही लाखों रुपए खर्च करना भी व्यर्थ दिखाई दे रहा है। उधर गांधी मार्ग पर लगभग पांच से छह स्थानों पर लगे डस्टबीन गायब भी हो गए हैं। जिनके विषय में नगरपालिका के अधिकारियों को भी कुछ पता नहीं है।
गायब हुए डस्टबीन
खुर्जा के मंदिर मार्ग पर पॉलीटेक्निक मैदान के सामने लगे दो डस्टबीन टूटे पड़े हैं। इसके अलावा गांधी मार्ग पर फत्तो बावली गेट के निकट एक डस्टबीन, सुभाष मार्ग पर एक डस्टबीन टूटा पड़ा है। वहीं गांधी मार्ग पर बंसल मार्केट, कालेज मार्ग, जेएएस आदि स्थानों पर लगे डस्टबीन ही गायब दिखाई दे रहे हैं।
इन्होंने कहा..
कई स्थानों पर लोगों द्वारा डस्टबीन को तोड़ा गया है। जिनको ठीक कराया जाएगा। वहीं डस्टबीनों की नियमित रूप से साफ-सफाई के निर्देश कर्मचारियों को दिए हुए हैं।
-अविनाश प्रताप सिंह, ईओ नगरपालिका खुर्जा।