एएनएम और एंबुलेंस चालक के संक्रमित होने पर अस्पताल सील
सिकंदराबाद स्थित राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में एएनएम की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद अब एंबुलेंस चालक की भी पॉजिटिव रिपोर्ट की पुष्टि हुई है। जिससे अस्पताल कर्मचारियों और चिकित्सकों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने अस्पताल को अगले 24 घंटों के लिए सील कर दिया है। साथ ही अस्पताल में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है।
बुलंदशहर, जेएनएन। सिकंदराबाद स्थित राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में एएनएम की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद अब एंबुलेंस चालक की भी पॉजिटिव रिपोर्ट की पुष्टि हुई है। जिससे अस्पताल कर्मचारियों और चिकित्सकों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने अस्पताल को अगले 24 घंटों के लिए सील कर दिया है। साथ ही अस्पताल में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है।
नगर में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गुरुवार देर शाम वैद्यबाड़ा मोहल्ले के तीन और छासियाबाड़ा मोहल्ले के दो लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। इसमें एक एएनएम भी संक्रमित थी। प्रशासन ने एएनएम की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल से जुड़े करीब 82 लोगों की सैंपलिग कराई जा चुकी है। वहीं, शुक्रवार को अस्पताल की 108 एंबुलेंस पर तैनात चालक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके बाद अस्पताल परिसर में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है। सीएचसी प्रभारी डा. एपी सिंह ने बताया कि एंबुलेंस चालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अस्पताल के सभी चिकित्सक समेत कर्मचारियों की सैंपलिग कराई जा रही है।
----
ओपीडी की सेवाएं बंद
अस्पताल बंद होने से ओपीडी में आने वाले मरीजों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सीएचसी प्रभारी डा. एपी सिंह ने बताया कि दो दिन के लिए अस्पताल सील होने पर ओपीडी के लिए मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। जिससे मरीजों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि दो दिन के बाद अस्पताल की सेवाएं सुचारू कर दी जाएंगी।