सड़क पर लगा गंदगी का ढेर, समाधान न होने से परेशानी
दानपुर आबादी क्षेत्र में लगा गंदगी का ढेर राहगीरों के लिए मुसीबत बना है लेकिन विभाग गंभीर नहीं है।
बुलंदशहर, जेएनएन: नगर के आबादी क्षेत्र में लगा गंदगी का ढेर राहगीरों के लिए मुसीबत बना है, लेकिन विभाग गंभीर नहीं है। शिकायतों के बाद भी लोगों को कूडे़ के ढेर से निजात नहीं मिल रही है। जिससे उनमें अधिकारियों के खिलाफ रोष पनप रहा है। हाइवे से धर्मपुर के लिए संपर्क मार्ग जाता है। इस मार्ग पर घनी आबादी के बीच कूड़े का ढेर जमा है। जिसकी स्थिति लगातार बदलती जा रही है। क्योंकि घरों से निकलने वाली गंदगी को लोग रोजाना इसी ढेर पर डाल रहे हैं। जिस कारण ढेर की स्थिति तेजी से बढ़ रही है। इस ढेर से कुछ लोग बेहद परेशान है। क्योंकि उनके घर इसके नजदीक बने हैं। इसीलिए ढेर से हवा के साथ उड़ने वाली गंदगी सीधे उनके घरों में घुस जाती है। जिस कारण उन्हें बीमारी फैलने का भय बना है। इस ढेर से रोड़ पर निकलने वाले राहगीरों को भी बेहद परेशानी होती है। उन्हें ढेर के पास से मुंह ढककर निकलना पड़ता है। ग्रामीणों की मानें तो वह कई बार ढेर को हटवाने की गुहार अधिकारियों से लगा चुके हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी ग्रामीणों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने अभी तक ढेर को हटाने की पहल नहीं की है। वहीं एडीओ पंचायत सुरेश शर्मा ने बताया कि उन्हें कूड़े के ढेर की जानकारी नहीं है। बावजूद इसके जल्द सफाई कर्मचारी लगाकर ढेर को साफ करा दिया जाएगा।