मक्का खरीद को बांट जोह रहे सरकारी क्रय केंद्र
15 नवंबर से स्थापित किए जा चुके है, जिन पर 15 जनवरी तक मक्का की खरीद होगी। केंद्रों पर किसानों से खरीदी जाने वाले मक्का का समर्थन मूल्य 1700 रुपये प्रति कुंतल रखा गया है।
गुलावठी: नवीन अनाज मंडी परिसर में मक्का खरीद को सरकारी क्रय केंद्र किसानों की बांट जोह रहा है। तीन दिन बाद भी केंद्र पर मक्का नहीं पहुंचने से खरीद शुरू नहीं हुई है।
गेहूं खरीद की तरह इस वर्ष से ही सरकार द्वारा मक्का खरीद के लिए सरकारी केंद्र 15 नवंबर से स्थापित किए जा चुके है, जिन पर 15 जनवरी तक मक्का की खरीद होगी। केंद्रों पर किसानों से खरीदी जाने वाले मक्का का समर्थन मूल्य 1700 रुपये प्रति कुंतल रखा गया है। नवीन अनाज मंडी परिसर में भी केंद्र है लेकिन तीन दिन से केंद्र पर मक्का नहीं पहुंचने से खरीद शुरू नहीं हुई है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी राजेश पांडेय ने बताया कि खरीद के लिए केंद्र पर सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। किसान को मक्का विक्रय हेतु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, आधार कार्ड, बैंक की पासबुक की छाया प्रति केंद्र पर जमा कर टोकन प्राप्त कर लें। बताया कि किसानों को असुविधा का सामना न करना पड़े इसलिए टोकन की व्यवस्था की गई है।