सबसे पहले जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करे केंद्र सरकार : प्रबोधानंद
कहा कि दूसरी बार केंद्र की सत्ता में आई भाजपा सरकार ने देश की जनता से वादा किया है कि जम्भू-कश्मीर से धारा 370 हटा दी जाएगी। उन्होंने जल्द से जल्द धारा 370 हटाने की मांग केंद्र सरकार से की है।
बुलंदशहर, जेएनएन: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की अगुआई कर रही हिदू रक्षा सेना एवं सनातन धर्म महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज ने कहा कि केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है। अब केंद्र सरकार को प्राथमिकता के आधार पर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने के साथ-साथ अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की भी पहल करनी चाहिए।
सोमवार को बुलंदशहर में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे स्वामी प्रबोधानंद गिरि ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पहली बार देश में हिदुओं ने राष्ट्रवादी सरकार बनाने की पहल की है, जिसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं। देश में दो बच्चों का कानून लागू होना चाहिए, यह देश की सुरक्षा का विषय है। तीसरा बच्चा होने पर परिवार की सरकारी सुविधा बंद हों और चौथा बच्चा होने पर आधार, वोटर कार्ड समेत परिवार के सभी पहचान चिह्न समाप्त कर देने चाहिए।
स्वामी प्रबोधानंद ने कहा, भारत की जनता ने अपना दायित्व पूरा किया है। अब केंद्र सरकार को भी जन-आस्था व विश्वास को ध्यान में रखते हुए अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करना चाहिए। जनता प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन सरकार कानूनी प्रक्रिया के जरिए राम मंदिर निर्माण की बात कर रही है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाई कि वह जल्द से जल्द मंदिर निर्माण का समाधान करे। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की पहली गलती माफ कर चुकी है, लेकिन राम मंदिर निर्माण को लेकर किए गए वादे पर दूसरी गलती को माफ नहीं करेगी।
गाय की सुरक्षा के लिए बने कानून
स्वामी प्रबोधानंद ने गाय की संपूर्ण सुरक्षा का कानून बनाने की भी मांग की। कहा, गाय के हत्यारोपित पर कत्ल का मुकदमा दर्ज हो और गाय को छोड़ना अपराध की श्रेणी में शामिल करना चाहिए। गाय बचेगी तो मानवता भी बचेगी। कहा, दूसरी बार केंद्र की सत्ता में आई भाजपा सरकार को जनता से किए वादे के मुताबिक जम्मू-कश्मीर से धारा 370 भी हटानी चाहिए।