बुलंदशहर में बाइक से स्टंट करते हुए छात्राओं के साथ छेड़छाड़, शिकायत करने पर दी धमकी Bulandshahr News
बाइक सवार दो मनचलों ने पहले तो बाइक से स्टंट किया फिर कॉलेज जा रहीं 12वीं की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर दी। शिकायत करने पर छात्राओं को धमकी भी दी गई।
बुलंदशहर, जेएनएन। नगर के ईदगाह रोड पर गुरुवार की सुबह बाइक सवार दो मनचलों ने पहले तो बाइक से स्टंट किया। आरोपितों ने बाइक को सड़क पर फिल्मों की तरह घुमाया और इसके बाद तीन 12वीं की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की। जब तक पुलिस पहुंची तो आरोपित फरार हो गए। तहरीर दे दी गई है। आरोपितों ने छात्राओं को हत्या की धमकी भी दी।
रोजाना की जाती है छेड़छाड़
नगर के ईदगाह रोड पर एक गल्र्स कालेज समेत चार-पांच स्कूल हैं। छात्राओं के स्कूल-कालेज आने के दौरान बाइक सवार मनचलें वहां घूमने लगते हैं। तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए छात्राओं से छेड़छाड़ की जाती है। गुरुवार सुबह बाइक सवार दो मनचलों ने स्कूल जाती तीन छात्राओं पर फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्राओं ने दहशत में आकर शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी मनचले उन्हें भुगत लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद छात्राएं डरते-डरते स्कूल पहुंची।
मनचलों का आतंक
उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्राओं के स्कूल-कालेज आने-जाने के दौरान मनचलों का आतंक बना रहता है। मनचले खुलेआम बाइक पर स्टंट दिखाते हैं और छात्राओं से अभद्रता करते हैं। नगर कोतवाली प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि ईदगाह रोड पर छेड़छाड़ की सूचना मिली थी, लेकिन आरोपित फरार हो गए। उन्होंने की आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस मनचलों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें सबक सिखाएंगी।