विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ganga Expressway से उद्योगों को मिलेगा नया आयाम, बोले- उद्यमी इसने UP को एक धागे में पिरो दिया

By Anuj Solnki Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 28 Apr 2026 05:36 PM (GMT+05:30)

Ganga Expressway : गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से खुर्जा के पॉटरी कारोबारियों में खुशी है, क्योंकि इससे सूबे के पश्चिम ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. हरदोई से गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री।

  2. बोले उद्यमी- माल ढुलाई के समय और लागत की बचत होगी।

संवाद सहयोगी, खुर्जा (बुलंदशहर)। जनपद की स्याना तहसील से होकर निकल रहे गंगा एक्सप्रेस का बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरदोई से लोकार्पण करेंगे। जिसको लेकर पाटरी कारोबारियों में भी खुशी का माहौल है।
इससे पश्चिम से पूर्व तक आवागमन आसान हो सकेगा। साथ ही कारोबारियों और व्यापारियों को आने-जाने में समय की बचत होगी। वहीं माल भी शीघ्रता से पहुंच सकेगा।

खुर्जा पाटरी उद्योग के लिए देश-विदेश में पहचान रखता है। विदेशों के निर्यात के साथ ही देश के अधिकांश कोने में यहां तैयार उत्पाद भेजे जाते हैं। उत्तर-प्रदेश के भी प्रत्येक जनपद में कारोबार होता है।
वर्तमान में अलीगढ़, आगरा और कानपुर होते हुए कारोबारी प्रयागराज समेत अन्य पूर्व के जनपदों में अपना सामान भेजते हैं, लेकिन इन मार्गों से होकर निकलते समय अधिक लगता है और सामान भी शीघ्रता से नहीं पहुंच पाता है।

पाटरी कारोबारियों का कहना है कि अब तक माल भेजने के लिए ट्रक चालकों को संकरी सड़कों और जाम से जूझना पड़ता था। गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद खुर्जा की पाॅटरी अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और शाहजहांपुर आदि जगहों तक कम समय में पहुंचना आसान होगा।
इससे प्रतिस्पर्धा के दौर में उद्यमियों को अपनी लागत घटाने में मदद मिलेगी। जिसको लेकर कारोबारी खुश हैं।

बोले कारोबारी

प्रयागराज और रायबरेली के बाजारों के लिए लंबे रास्तों पर निर्भर रहना पड़ता था। गंगा एक्सप्रेस से उत्तर-प्रदेश की दूरी कम हो जाएगा। व्यापारियों के आने-जाने, माल आने-जाने में सुगमता होगी।

-राजीव बंसल, संरक्षक, खुर्जा पाटरी मैन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन खुर्जा।

शाहजहांपुर और बदायूं आदि क्षेत्रों में खुर्जा की क्राकरी की काफी मांग है। इस हाईवे के बनने से लाजिस्टिक्स की समस्या खत्म होगी और हम कम समय में आर्डर की डिलीवरी दे पाएंगे और समय बचेगा।

-दर्शन छतवाल, उपाध्यक्ष खुर्जा पाटरी मैन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन खुर्जा।

प्रतापगढ़ और संभल आदि जनपदों से सीधा जुड़ाव होने से छोटे कारीगरों को भी लाभ मिलेगा। अब माल सीधे गंतव्य तक पहुंचेगा। जिससे व्यापार का दायरा बढ़ना निश्चित है और समय की भी बचत होगी।

-अनुज गोयल, पाटरी कारोबारी।

पाटरी उत्पाद उत्तर-प्रदेश के प्रत्येक जनपद में जाते हैं। गंगा एक्सप्रेसवे ने उत्तर प्रदेश को एक धागे में पिरो दिया है। खुर्जा के लिए यह आर्थिक उन्नति का नया मार्ग है। व्यापारियों का आना-जाना सुगम होगा।

-सत्यप्रकाश दादू, अध्यक्ष खुर्जा पाटरी मैन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन।