धूमधाम से निकली गणपति बप्पा की शोभायात्रा
गुलावठी: श्री गणेश चतुर्थी पर नगर में प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली
गुलावठी: श्री गणेश चतुर्थी पर नगर में प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई।
श्री गणेश सेवा समिति के तत्वावधान में गुरुवार को प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर से शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ शुरू हुई। शोभायात्रा का मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल व रमेश चंद जैन ने शुभारंभ किया। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए पंचायती मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। यात्रा जिन-जिन मार्गो से होकर गुजरी वहां नगरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में डीजे पर बज रहे भजनों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। वहीं रंग-बिरंगे फूलों से सजा गणपति का डोला आकर्षण का केंद्र बना रहा।
बीबी नगर: भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना नगर के मोहल्ला आजमतारा में महेन्द्र स्वरूप टुक्की वाली गली में विधि विधान के साथ की गई। सर्व प्रथम बप्पा के भक्तों ने गणेश मूर्ति की नगर परिक्रमा के साथ शोभा यात्रा का आयोजन किया। सैकड़ों गणेश भक्त बैण्ड बाजे व डीजे की धुन पर नाचते गाते स्थापना स्थल पर पहुंचे। पंडित मुकेश शर्मा द्वारा हवन व मंत्रोच्चार किया गया।
डिबाई : गुरुवार को भगवान श्री गणेश जी की चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया गया जहां नगर क्षेत्र के मंदिरों में भगवान श्री गणेश का अभिषेक कर विशेष श्रंगार किया गया। वही लोगों ने घरों में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर उनका अभिषेक कर पूजन किया। नगर के मोहल्ला नमक मंडी स्थित राधा कृष्ण मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित होने वाले सात दिवसीय मेला श्री गणेश चौथ एवं राधा अष्टमी का शुभारंभ किया गया। मंदिर में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का मंत्रोच्चारण के बाद अभिषेक कर विशेष श्रंगार किया गया। वही नगर के कई स्थानों पर अस्थाई रूप से भगवान श्री गणेश जी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई। इस दौरान मंदिरों को भारी विद्युत सज्जा कर भव्य रूप से सजाया गया।