मालिनी के गीतों पर झूमे लोग
जिला प्रदर्शनी के रविद्र नाट्यशाला में शनिवार की रात विख्यात लोकगीत और पार्श्व गायिका मालिनी अवस्थी नाइट का आयोजन हुआ।
बुलंदशहर : जिला प्रदर्शनी के रविद्र नाट्यशाला में शनिवार की रात विख्यात लोकगीत और पार्श्व गायिका मालिनी अवस्थी नाइट का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट विवेक मिश्रा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। साथ ही दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। मालिनी अवस्थी ने ब्रज की छटा बिखेरते हुए लोकगीतों का गायन किया। मालिनी अवस्थी ने गीतों के साथ बृज के मनमोहक नृत्य का प्रदर्शन किया। गीतों के भाव और नृत्य की कलाओं से दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी।
रविद्र नाट्शाला में प्रस्तुति देते हुए प्रमुख लोकगीत जिनमें सैंया चले मोरा पैंया-पैंया मैं का करूं तथा कहो जो मनाए जो बहू जी.. और दिल मेरा मुफ्त का जैसे गीतों का गायन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही नृत्य कलाओं से पंडाल में छठां बिखेरी। प्रबंधन समिति के मुकुल शर्मा ने बताया कि मालिनी अवस्थी दुनिया में पोलैंड, फिजी, मारीशस समेत अन्य देशों में प्रस्तुति दे चुकी हैं। उन्होंने लोकगीतों का सजीव प्रदर्शन कर कला को संवारने का काम किया है। मंच पर प्रस्तुति देने से पूर्व भी वे बुलंदशहर में कई कार्यक्रमों में आ चुकी हैं। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रतिभाशाली बताया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप शर्मा, रामकुमार, धारा सिंह, अरुण कुमार, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।