सुबह रहा कोहरा, दोपहर को निकली हल्की धूप
सर्दी और कोहरे के साथ अब गलन भी सता रही है। सुबह कोहरा छाया रहा तो दोपहर के समय हल्की धूप खिली। धूप की गरमाहट इतनी कम थी कि ठिठुरन से निजात नहीं दिला सकी। बादल भी दिनभर आसमान में लुकाछिपी करते रहे।
बुलंदशहर, जेएनएन। सर्दी और कोहरे के साथ अब गलन भी सता रही है। सुबह कोहरा छाया रहा तो दोपहर के समय हल्की धूप खिली। धूप की गरमाहट इतनी कम थी, कि ठिठुरन से निजात नहीं दिला सकी। बादल भी दिनभर आसमान में लुकाछिपी करते रहे। मंगलवार को भी बादल छाए रहने और इसी के आसपास तापमान स्थिर रहने का अनुमान है।
रविवार को धूप खिलने के बाद सोमवार को फिर से धूप की कमी हो गई। दिनभर में दो घंटे के लिए सूरज निकला। सुबह कोहरे आने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। दिन का अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर लोग चटख धूप का इंतजार करते रहे। किसान अब बारिश नहीं चाहे। मौसम विभाग का कहना है कि जनवरी माह के बचे दिनों में मौसम इसी तरह का रहने वाला है। किसी दिन बादल आएंगे तो किसी दिन धूप नहीं खिलेगी। सुबह-शाम कोहरा बरकरार रहने वाला है। बदलते मौसम में लोग बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं। सोमवार की ओपीडी में अठारह सौ से अधिक मरीज पहुंचे हैं, लेकिन इसमें चार सौ मरीज सर्दी से जुकाम, खांसी, नजला, पेट दर्द, गले के इंफेक्शन, बुखार व निमोनिया के हैं। सीएमओ डा. केएन तिवारी का कहना है सर्दी में अतिरिक्त सावधानी बरतें। डाक्टर और दवा दोनों उपलब्ध हैं।