सरसों की अच्छी फसल को देख किसान खुश
इस बार खेतों में सरसों की फसल अच्छी खड़ी देख किसानों में खुशी है। मौसम की मेहरबानी रही तो सरसों की अच्छी पैदावार होगी।
बुलंदशहर, जेएनएन। इस बार खेतों में सरसों की फसल अच्छी खड़ी देख किसानों में खुशी है। मौसम की मेहरबानी रही तो सरसों की अच्छी पैदावार होगी।
वर्तमान सत्र में क्षेत्र की मुख्य तिलहनी फसल सरसों की अच्छी फसल खेत में भरपूर फल फूल रही है। अच्छी पैदावार की संभावना से किसानों के चेहरों पर खुशी झलक रही है। हालांकि, सरसों की बुआई के कुछ समय बाद बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, लेकिन उस समय सरसों पर फूल नहीं था, इसलिए क्षति नहीं होई थी। उसके बाद अत्यधिक ठंड के कारण चेपा भी नहीं पनप सका। जहां तहां चेपा का कुछ प्रकोप हुआ भी तो वह बीच-बीच में हुई हल्की बारिश में समाप्त हो गया। लगातार चली पछुवा हवा के प्रभाव से सरसों में फूल भी अच्छा निकला। जिसे देख किसानों के चेहरों पर खुशी है। सरसों उत्पादक किसान संजीव शर्मा का कहना है कि इस बार सरसों में न तो कोई रोग लगा है और न ही मौसम की मार। इसलिए सरसों की अच्छी पैदावार रहने की संभावना है। सुरेन्द्र सिंह कहते हैं कि फसल की प्रारंभिक अवस्था में ओलावृष्टि से फसल को क्षति हुई थी। लेकिन उस समय तक फसल पर फूल नहीं था, जिसके कारण फसल संभल गई। कुछ अंतराल पर बारिश ने चेपा के प्रभाव को भी समाप्त कर दिया।