होली पर्व पर कई जगह हुए कार्यक्रम
नगर और देहात क्षेत्रों में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
संस, खुर्जा: नगर और देहात क्षेत्रों में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कई स्थानों पर होली मिलन कार्यक्रमों में लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दी।
गुरुवार को शहर और देहात क्षेत्रों में होली के पावन पर्व की धूम रही। लोगों ने सुबह से ही होली खेलना शुरू कर दिया, जो शाम तक चली। जगह-जगह लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की शुभकामना देते हुए नजर आए। इस दौरान नगर के फत्तोवाली गेट पर, सुभाष मार्ग, देहात क्षेत्र के गांव शहबाजपुर, सुरजावली, नगला आदि में छोटी-मोटे झगड़े भी हुए, लेकिन इन सब के अलावा पर्व शांति पूर्वक तरीके से संपन्न हुआ। शाम को लोगों ने एक-दूसरे के माथे पर तिलक लगाकर पर्व के बधाई दी। पर्व पर सुबह से ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट दिखाई दिया। थोड़ी-सी भी सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी भागते हुए नजर आए। वहीं दूसरी तरफ नगर के अरनिया गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर, खुर्जा जंक्शन, खुर्जा की अग्रवाल धर्मशाला, अस्पताल मार्ग आदि स्थानों पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। होली मिलन कार्यक्रम के दौरान जमकर गुलाल उड़ा।