सर्विस मार्ग पर उड़ रही धूल, राहगीर परेशान
गांव मुनि में हाईवे के सर्विस मार्ग पर धूल उड़ रही है। जिसके चलते वहां से निकलने वाले राहीगरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अरनिया: गांव मुनि में हाईवे के सर्विस मार्ग पर धूल उड़ रही है। जिसके चलते वहां से निकलने वाले राहीगरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि शिकायतों के बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
अरनिया क्षेत्र के गांव मुनि से होकर हाईवे-91 गुजरता है। हाईवे के किनारे पीएनसी कंपनी ने सर्विस मार्ग और नाले का निर्माण कार्य कराया था, लेकिन सर्विस मार्ग और नाले का निर्माण कार्य बीच में ही अधूरा पड़ा हुआ है। जिसके चलते जहां सर्विस मार्ग पर धूल उड़ रही है। वही दूसरी तरफ नाले का कार्य अधर में लटका होने के कारण गांव के पानी की निकासी की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में गांव का पानी नाले से निकलकर सर्विस मार्ग पर भर रहा है। जिस कारण ग्रामीणों और मार्ग से निकलने वाले राहगीरों को परेशानियों का सामना उठाना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत पीएनसी के अधिकारियों समेत प्रशासनिक अधिकारियों से की है। साथ ही जनसुनवाई पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन उसके बाद भी उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे परेशान होकर अब ग्रामीणों ने शिकायत करना ही बंद कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत करने से कोई फायदा नहीं हो रहा है। ऐसे में सर्विस मार्ग पिछले काफी समय से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।