500 रुपये न देने पर शराबी ने मामा-भांजे को बेरहमी से पीटा, दाेनों का दांतों से चबाया अंगूठा; दारोगा से भी बदसलूकी
बुलंदशहर में 500 रुपये न देने पर एक शराबी ने मूंगफली व्यापारी और उसके भांजे को बेरहमी से पीटा और ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
गाली-गलौच करते हुए हाथापाई की, मौके पर लगा जाम।
बुलंदशहर पुलिस ने आरोपित भूरा को किया गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, औरंगाबाद (बुलंदशहर)। औरंगाबाद में जहांगीराबाद मार्ग स्थित मूंगफली व्यापारी को पांच सौ रुपये न देना भारी पड़ गया। इससे गुस्साए शराबी ने व्यापारी मामा भांजे की बेहरमी से पिटाई कर दी और दोनों के दांतों से अंगूठे चबा डाले। जिसमें दोनों के अंगूठे लहूलुहान हो गये।
आरोपित को पकड़ने पहुंचे दरोगा के साथ बदसलूकी कर डाली। पीड़ित व्यापारी ने आरोपित को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला टीचर्स कालौनी निवासी साबिर की जहांगीराबाद मार्ग पर मूंगफली की दुकान है। मंगलवार रात आठ बजे मोहल्ले का ही भूरा शराब के नशे में धुत होकर साबिर की दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि भूरा ने पांच 500 रुपये उधार मांगे। व्यापारी साबिर ने पैसे देने से मना कर दिया।
इससे क्षुब्ध होकर भूरा ने साबिर के साथ गाली-गलौच करते हुए हाथापाई कर डाली। मामा को बचाने पहुंचे भांजे गुड्डू के साथ भी उसने मारपीट कर दी। बाद में आरोपित ने साबिर और गुड्डू के अंगूठे को दांतों से चबा डाले। जिस कारण दोनों के अंगूठे लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना पर थाने के दरोगा पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे।
दरोगा ने जैसे ही आरोपित भूरा को हिरासत में लिया तो आरोपित ने दारोगा के साथ बदसलूकी कर डाली और जमकर हंगामा किया। इस दौरान औरंगाबाद-जहांगीराबाद मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस के सामने आरोपित लगातार हंगामा करता रहा।
बाद में इंस्पेक्टर ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से भीड़ को तितर बितर कर दिया। पुलिस ने घायल व्यापारी को सीएचसी लखावटी में भर्ती कराया। पीड़ित व्यापारी ने आरोपित को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है।
इसी मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। औरंगाबाद इंस्पेक्टर सुखवीर सिंह ने बताया कि आरोपित भूरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
