नहीं मिल रही जाम से निजात, बढ़ रही लोगों की परेशानी
खुर्जा के गांधी मार्ग, सुभाष मार्ग, जंक्शन मार्ग और तहसील मार्ग पर आए दिन जाम लग जाता है।
खुर्जा:
खुर्जा के गांधी मार्ग, सुभाष मार्ग, जंक्शन मार्ग और तहसील मार्ग पर आए दिन जाम लग जाता है। जिसका मुख्य कारण इन मार्गो पर सड़क तक दुकानदारों द्वारा सामान रखकर कब्जा करना भी है। दुकानदारों द्वारा फुटपाथ से लेकर सड़क तक कब्जा करने के कारण लोगों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इसके अलावा दुकानों पर सामान खरीदने आने वाले लोग सड़क पर वाहन खड़ा करते हैं। ऐसे में मार्गों पर जाम की स्थिति बन जाती है। मंगलवार सुबह से ही अधिकांश मार्गो पर जाम दिखाई दिया। ऐसे में महज आधा किलोमीटर का सफर तय करने में चार पहिया वाहनों को घंटेभर का समय लग गया। जबकि दुपहिया वाहनों ने इधर-उधर गलियों में होकर अपना सफर पूरा किया। लोगों का कहना है कि अगर सप्ताहभर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन अभियान चला दे, तो शायद जाम से लोगों को निजात मिल सकेगी। इसके अलावा लोगों का कहना है कि मांगों के बाद भी बड़े वाहनों का प्रवेश दिन के समय में गांधी मार्ग पर वर्जित नहीं किया जा रहा है।