सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में तीनों आरोपितों का DNA मैच Bulandshahr News
बुलंदशहर में बीते वर्ष नाबालिग छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले तीनों आरोपितों के डीएनए का मिलान हो गया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। नाबालिग छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले तीनों आरोपितों के डीएनए का मिलान हो गया है। जिस समय घटना हुई, उस समय घटनास्थल से आरोपितों के बाल पड़े मिले थे। लखनऊ लैब से आई रिपोर्ट में साफ हो गया है कि तीनों आरोपितों के ही घटनास्थल से बाल मिले थे। अब आगरा से सीमन रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। जिसके लिए एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने लैब को रिमाइंडर लैटर भेजा हुआ है। जिसके जल्द आने की उम्मीद है। इस रिपोर्ट को भी अदालत में पेश की जाएगी।
हो गया बालों का मिलान
सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि जिस समय 17 साल की बच्ची का अपहरण करके सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। उसी समय आरोपितों को गिरफ्तार करके घटनास्थल पर ले जाया गया था। वहां से उनके बाल मिले थे। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की के शरीर पर नाखून के निशान भी मिले थे। जिनके फोरेंसिक टीम ने सैंपल लिए थे। इन सैंपल को डीएनए के लिए लखनऊ फोरेंसिक लैब में भेजा गया था। करीब एक सप्ताह पूर्व लखनऊ से आई रिपोर्ट में सिकंदराबाद निवासी आरोपित इजराइल, दिलशाद और जुल्फिकार के बालों का मिलान हो गया है। साफ हो गया है कि तीनों आरोपितों ने लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर बाद में उसकी हत्या कर दी। हालांकि अभी सीमेंस की रिपोर्ट आगरा लैब से आना बाकी है।
अदालत में डॉक्टरों की गवाही बाकी
वर्तमान में यह मामला अदालत में विचाराधीन है। करीब सात गवाहों की गवाही हो चुकी है। अब अंतिम गवाही उन डॉक्टरों के पैनल की होनी है। जिन्होंने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम किया था। इसके बाद इस मामले में फैसला आएगा। बता दें कि किशोरी का परिवार आरोपितों की धमकी के कारण पलायन कर गया था। तीन दिन बाद ही यह परिवार वापस बुलंदशहर में लौटा है। जिनकी सुरक्षा में एक सिपाही दिया गया है।
यह था पूरा मामला
दो जनवरी 2018 को चांदपुर रोड से एक 17 साल की छात्रा का कार सवार तीन युवकों ने अपहरण कर लिया था। चार जनवरी को उसका शव दादरी गंगनहर के किनारे पर पड़ा मिला था। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया तो उन्होंने कबूल किया था कि किशोरी का अपहरण करने के बाद उन्होंने सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या करके नहर के किनारे पर फेंक दिया था।