धनतेरस पर धनवर्षा, जमकर हुई खरीदारी
खुर्जा में धनतेरस पर गुरुवार सुबह से ही बाजारों में रौनक दिखाई दी। लोग बर्तनों समेत अन्य दुकानों पर सुबह से ही उमड़े हुए नजर आए। उधर बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ने के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
जेएनएन, बुलंदशहर। खुर्जा में धनतेरस पर गुरुवार सुबह से ही बाजारों में रौनक दिखाई दी। लोग बर्तनों समेत अन्य दुकानों पर सुबह से ही उमड़े हुए नजर आए। उधर बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ने के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
पर्व की तैयारियों के बाद अब लोगों ने बाजार की तरफ आना शुरू कर दिया है। गुरुवार को धनतेरस से ही बाजारों में रौनक दिखाई दी। सुबह से देहात और शहरवासी बाजारों में दुकानों पर नजर आए। जिसके चलते दुकानदारों को भी शाम तक होश नहीं मिल सका। मान्यता है कि दीवाली से पहले आने वाले इस धनतेरस के पर्व पर बर्तन या सोने-चांदी के जेवर खरीदने से मां लक्ष्मी से कृपा होती है। बर्तन खरीदकर घर ले जाने से महालक्ष्मी खुश हो जाती है। साथ ही घर में कभी भी धन की कमी नहीं होती। बर्तन की दुकानों के अलावा ज्वैलर्स की दुकानों पर भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। धनतेरस के चलते सुबह से ही लोगों के बाजार में आने के कारण नगर के गांधी रोड, जेवर अड्डा, तहसील मार्ग, बजाजा बाजार, कबाड़ी बाजार समेत अधिकांश सभी बाजारों में जाम की स्थिति बनी रही, जबकि पुलिसकर्मियों ने जेवर अड्डा चौराहे से लेकर दाताराम चौक तक ई-रिक्शा, कार समेत अन्य बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रखा।
दीपावली पर निर्बाध होगी बिजली आपूर्ति
बुलंदशहर : रोशनी के पर्व दीपावली पर जनपदवासियों को निर्बाध बिजली सप्लाई मिलेगी। शासन के निर्देश पर ऊर्जा निगम के अफसरों ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। लाइनों को दुरुस्त कर लिया गया है। साथ ही एक्सईएन से लेकर जेई को व्यवस्था सही रखने के लिए निर्देशित किया गया है।
चीफ इंजीनियर आरपीएस तोमर ने बताया कि त्योहारों पर उपभोक्ताओं को 24 घंटे सप्लाई दी जाएगी। दीपावली पर फाल्ट, ट्रांसफार्मर आदि समस्याएं न हों, इसलिए अफसरों को निर्देशित कर दिया गया है। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक के बिजलीघरों पर कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। साथ ही अफसर सप्लाई की लगातार मानिटरिग करेंगे। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को दीपावली पर सप्लाई की कोई समस्या नहीं रहेगी।