तापमान में आई गिरावट, गर्मी से मिली कुछ राहत
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से गुरुवार को थोड़ी राहत मिली। हल्के बादल छाने से तापमान पांच डिग्री सेल्सियस नीचे खिसका। सुबह के समय बादल आने के बाद दिनभर धूप खिली। साथ ही उमस से भी बदन चिपचिपाता रहा। मौसम विशेषज्ञों ने शनिवार और रविवार को बारिश होने की संभावना जताई है।
बुलंदशहर, जेएनएन। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से गुरुवार को थोड़ी राहत मिली। हल्के बादल छाने से तापमान पांच डिग्री सेल्सियस नीचे खिसका। सुबह के समय बादल आने के बाद दिनभर धूप खिली। साथ ही उमस से भी बदन चिपचिपाता रहा। मौसम विशेषज्ञों ने शनिवार और रविवार को बारिश होने की संभावना जताई है।
गुरुवार तड़के से ही आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। सुबह के 11 बजे तक बादल सूरज के साथ लुकाछिपी करते रहे। इससे तापमान कम हुआ, लेकिन मौसम में उमस बढ़ गई। दोपहर के समय चटख धूप खिली। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ विवेक राज का कहना है कि शुक्रवार को तापमान में और गिरावट आएगी, जबकि शनिवार और रविवार को बारिश होने की संभावना रहेगी। बारिश के बाद तापमान में पांच डिग्री और गिरावट आ सकती है। वहीं, सीएमएस डॉ. दिनेश कुमार का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव आने से स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ता है, इसलिए लोग सावधानी बरतें। धूप में निकलने से बचें। शरीर में पानी की कमी न होने दें।