बंद घर में फंदे पर लटका मिला महिला का शव
चोला चौकी क्षेत्र के गांव पचौता में संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। उधर ससुराल पक्ष के लोग घर को बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
बुलंदशहर, जेएनएन। चोला चौकी क्षेत्र के गांव पचौता में संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। उधर, ससुराल पक्ष के लोग घर को बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
चोला पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप तोमर ने बताया कि क्षेत्र के गांव पचौता में कृष्ण कुमार के घर में मंगलवार की सुबह कोई हलचल न देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना से पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खोलकर घर की तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे में कृष्ण की पत्नी नीलम का शव फंदे से लटका मिला जबकि उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को नीचे उतारा। जांच के दौरान पता चला कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोग सुबह ही घर से फरार हो गए। सूचना पर विवाहिता के परिजन जिला अलीगढ़ के थाना पाली के गांव कटका से पहुंच गए। पुलिस ने मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अभी मृतका के परिजनों ने तहरीर नहीं दी गई है।