शारीरिक दूरी के पालन से ही हारेगा कोरोना
लॉकडाउन थ्री खत्म होने वाला है लेकिन जिले के कुछ लोग अभी भी समझने के लिए तैयार नहीं है कि चीन से आया यह कोरोना केवल शारीरिक दूरी से ही हार सकता है। इसके अलावा कोई इलाज नहीं है। शहर में लोग शारीरिक दूरी का पालन एक दिन करते हैं तो दो दिन खूब लापरवाही करते हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन। लॉकडाउन थ्री खत्म होने वाला है, लेकिन जिले के कुछ लोग अभी भी समझने के लिए तैयार नहीं है कि चीन से आया यह कोरोना केवल शारीरिक दूरी से ही हार सकता है। इसके अलावा कोई इलाज नहीं है। शहर में लोग शारीरिक दूरी का पालन एक दिन करते हैं तो दो दिन खूब लापरवाही करते हैं। शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए अफसरों को भी सख्ती दिखानी होगी। उधर, गुरुवार को भी शारीरिक दूरी के पालन में लापरवाही दिखी। हालांकि हॉट स्पॉट पर पुलिस ने रोजाना की तरह सख्ती बरती। हॉट स्पॉट पर जिलाधिकारी रविद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। यहां की स्थिति का जायजा लिया। शहर के हर चौराहे पर पुलिस तैनात रही और लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करते हुए दिखी। पूर्ण लॉकडाउन का एक दिन हो प्रयोग
जिस तरह से लोग शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। यह खतरे की घंटी है। मेरठ का हाल बुरा है। यहां भी लोग शारीरिक दूरी का पालन करने में लापरवाही बरत रहे हैं। इसलिए मेरठ प्रशासन ने निर्णय लिया है कि एक दिन का पूर्ण लॉकडाउन कर दिया जाए। गुरुवार को पूर्ण लॉकडाउन मेरठ में रहा। इसका रिजल्ट बेहतर भी बताया जा रहा है। इसी तरह से बुलंदशहर में भी करने की जरूरत है। हालांकि डीएम का कहना है कि जरूरत पड़ी तो करके देखेंगे। हॉट स्पॉट को ग्रीन जोन में लाने की कवायद तेज
वीरखेड़ा, जहांगीराबाद, जनता मस्जिद रुकनसराय, विक्रम औषधालय शिकारपुर, जाहिद के घर के आसपास रुकनसराय, अमीर हमजा मस्जिद बुलंदशहर, उमर फारूख मस्जिद बुलंदशहर, कंकरवाला बुगरासी, राधानगर बुलंदशहर, जिला महिला चिकित्सालय बुलंदशहर, मोहल्ला मृदवाड़ा, छासियावाड़ा सिकंदराबाद, गांव निसुरखा बीबीनगर, किशोरी बाग कालोनी बुलंदशहर, मोहल्ला पीरजादगान खुर्जा हॉट स्पॉट को ग्रीन जोन में लाने के लिए अधिकारियों ने कवायद तेज कर दी है। यहां के लोगों को शारीरिक दूरी का महत्व समझाया जा रहा है। दवाई, साबुन, सैनिटाइजर, मास्क आदि सामान बांटा जा रहा है। बैंकों में देखा शारीरिक दूरी का पालन
जिलाधिकारी और एसएसपी ने गुरुवार को खुद शहर के बैंकों में पहुंचकर देखा कि अधिकारी शारीरिक दूरी का पालन करा रहे हैं या नहीं। हालांकि सभी बैंकों में नियमों का पालन होता हुआ दिखाई दिया। बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह कोरोना बचाव को खुद भी किट पहनकर काम करें। शारीरिक दूरी का सख्ती के साथ पालन कराया जा रहा है। कुछ स्थानों पर चोरी छिपे लोग एकत्रित हो जा रहे हैं। ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही यहां पर कार्रवाई की जाएगी।
रविद्र कुमार, जिलाधिकारी लॉकडाउन को लेकर पुलिस फोर्स को सख्त निर्देश दिए हुए है। पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी के साथ कर रहे हैं। शारीरिक दूरी का भी पालन सख्ती के साथ कराया जा रहा है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी