जमानत पर आए सजायाफ्ता कैदी की हत्या
जहांगीराबाद थानाक्षेत्र के गांव सिद्धनगला के रहने वाले एक सजायाफ्ता कैदी की बुधवार देर रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक के भतीजे ने उस परिवार के एक व्यक्ति को नामजद कराया है।
बुलंदशहर, जएनएन। जहांगीराबाद थानाक्षेत्र के गांव सिद्धनगला के रहने वाले एक सजायाफ्ता कैदी की बुधवार देर रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक के भतीजे ने उस परिवार के एक व्यक्ति को नामजद कराया है जिसके परिवार के एक व्यक्ति की करीब 10 साल पहले मारे गए व्यक्ति ने हत्या की थी। आरोप लगाया गया है कि रंजिशन यह हत्या की गई है।
55 वर्षीय रामगोपाल पुत्र रतनलाल ने करीब दस साल पहले अपने पड़ोसी गांव चाकला निवासी शीशपाल जाटव की हत्या कर दी थी। रामगोपाल जाटव को अदालत से आजीवन कारावास की सजा हुई थी। हाईकोर्ट से रामगोपाल को जमानत मिल गई थी। पुलिस के अनुसार, रामगोपाल बुधवार की देर रात अपने पड़ोस में हो रहे जागरण में शामिल होने के लिए गया था। उसने अपने कुछ साथियों के साथ शराब भी पी। इसके बाद वह देर रात अपने खेतों की तरफ चला गया। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने रामगोपाल का शव एक खेत में पड़ा देखा। उसके सिर में धारदार हथियार से वार किए गए थे। मृतक के भतीजे ने गांव चाकला निवासी अशोक पुत्र गंगा सहाय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अशोक के चाचा शीशपाल की 10 साल पहले हत्या कर दी गई थी। एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि रंजिशन भी हत्या को देखा जा रहा है। वहीं, जिन लोगों के साथ बैठकर वह शराब पी रहा था, उनसे भी पूछताछ चल रही है।