कांग्रेस ने सुशील चौधरी तो रालोद ने पीके तेवतिया को बनाया प्रत्याशी
जनपद की सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर शुक्रवार की देर शाम लगभग स्पष्ट हो गई है। बसपा और असपा के बाद कांग्रेस और रालोद-सपा गठबंधन ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी।
बुलंदशहर, जेएनएन। जनपद की सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर शुक्रवार की देर शाम लगभग स्पष्ट हो गई है। बसपा और असपा के बाद कांग्रेस और रालोद-सपा गठबंधन ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। रालोद ने जहां गांव भटौना निवासी प्रवीण कुमार तेवतिया उर्फ पीके को अपना प्रत्याशी बनाया है, वहीं कांग्रेस ने सुशील चौधरी को मैदान में उतारा है।
सदर विधानसभा सीट पर रालोद-सपा के संयुक्त प्रत्याशी के रूप में गांव भटौना निवासी प्रवीण कुमार तेवतिया को प्रत्याशी के रूप में घोषित किया है। प्रवीण कुमार राजनीति में काफी सक्रिय रहे हैं और रालोद के पार्टी प्रवक्ता सहित कई जिम्मेदारियों का निर्वाह भी किया है। प्रवीण के परिवार की लंबी राजनीतिक पृष्ट भूमि रही है। शुक्रवार को इनके नाम की घोषणा होने के बाद राजनीति गुणा-गणित का खेल भी शुरू हो गया। उधर, कांग्रेस ने सुशील चौधरी को अपना प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है। सुशील चौधरी नगर पालिका के चेयरमैन पद पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। इससे पहले बहुजन समाज पार्टी हाजी युनुस और आजाद समाज पार्टी हाजी यामीन को अपने प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतार चुकी है। अब भाजपा पर सबकी निगाह टिकी है। संभवत एक-दो दिन में हाइकमान के निर्देश पर पार्टी अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर देगी।