मंदिरों के रास्तों पर सफाई के आदेश बेमानी, लगे कूडे़ के अंबार
शारदीय नवरात्र पर नगर में विशेष सफाई अभियान के आदेश बेमानी साबित हुए। मंदिरों के आसपास ही नहीं बल्कि आने-जाने वाले मार्गो पर कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुलंदशहर, जेएनएन। शारदीय नवरात्र पर नगर में विशेष सफाई अभियान के आदेश बेमानी साबित हुए। मंदिरों के आसपास ही नहीं बल्कि आने-जाने वाले मार्गो पर कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
त्योहार में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर दो दिन पहले जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें शारदीय नवरात्र पर जगह-जगह रामलीला मंचन के साथ-साथ निकली वाली शोभायात्रा को लेकर नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने निर्देश दिए थे। यही ताकि शोभायात्रा देखने उमड़ने वाले लोगों को परेशानी न हो। इसमें नगर के विभिन्न देवी मंदिर के आसपास व उनके प्रमुख मार्ग पर सुबह व शाम विशेष सफाई रखने के निर्देश दिए गए थे। लापरवाही पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई थी। रविवार को प्रथम नवरात्र पर नगर में डीएम के आदेश बेमानी साबित हुए। सुबह मंदिरों में पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच होकर गुजरना पड़ा। साठा रोड स्थित शिव मंदिर, रेलवे रोड स्थित शिव साई मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों के आसपास गंदगी के अंबार लग रहे। यहीं नहीं सुबह 11 बजे तक भी मंदिर आने जाने प्रमुख मार्ग पर कूडे़ के ढेर लगे रहे। जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी। इन्होंने कहा..
सभी सफाई नायकों व कर्मियों को निर्देशित किया गया था। सफाई व्यवस्था की जांच व निगरानी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जिस क्षेत्र में मंदिरों व आसपास कूड़ा मिला, उन क्षेत्र के सफाई नायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-डा. पंकज सिंह, ईओ