तीन घंटे तक जाम से जूझता रहा शहर
पालिका और पुलिस के तमाम प्रयास के बाद भी जाम के झाम से निजात नहीं मिल रही है। मंगलवार को भाजपा की रैली के दौरान शहर में करीब तीन घंटे तक सड़कों पर जाम लगा रहा।
बुलंदशहर: पालिका और पुलिस के तमाम प्रयास के बाद भी जाम के झाम से निजात नहीं मिल रही है। मंगलवार को भाजपा की रैली के दौरान शहर में करीब तीन घंटे तक सड़कों पर जाम लगा रहा। यातायात सुचारू कराने में पुलिस की सांस फूल गई।
शहर के मोतीबाग स्थित मैदान पर मंगलवार को भाजपा की रैली थी। रैली में आने-जाने वाले वाहनों के साथ ही भाजपा प्रत्याशी समेत कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन भी किया। इन प्रत्याशियों के साथ भी समर्थक गाड़ी लेकर शहर में घुसे थे। कालाआम चौराहा से अंसारी रोड चौराहा तक वाहन जाम में फंसे रहे। ई-रिक्शा और कारों ने ऐसा जाम लगाया कि दोपहिया वाहन निकालना तो दूर पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया। कालाआम चौराहा से डिप्टीगंज चौराहा तक भी जाम लगा रहा। स्कूली बच्चे भी जाम में फंसे रहे। जाम खुलवाने के लिए सड़क पर लगे गिनती के पुलिसकर्मी और होमगार्ड भी असहाय नजर आए। जाम के दौरान कई स्थानों पर वाहन चालकों की वाहन निकालने के लिए नोकझोंक भी हुई।