जाम की जकड़ में शहर, बेफ्रिक हुक्मरान
जाम शहर के लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। ऐसा कोई दिन नहीं होता जिस दिन शहर जाम की जकड़ में न रहता हो। आम लोग जाम के संबंध में अफसरों से शिकायत भी करते हैं लेकिन जाम के जिम्मेदार अफसर आंख कान मूंदे हुए बैठे हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन। जाम शहर के लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। ऐसा कोई दिन नहीं होता, जिस दिन शहर जाम की जकड़ में न रहता हो। आम लोग जाम के संबंध में अफसरों से शिकायत भी करते हैं, लेकिन जाम के जिम्मेदार अफसर आंख, कान मूंदे हुए बैठे हैं। हालांकि ट्रैफिक व्यवस्था देख रहे एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जाम लगने के कई कारण है। जिनसे निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस को जिम्मेदारी दी हुई है। यदि कोई अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहा है तो जांच करने के बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रविवार को शहर के चार स्थानों पर इस तरह से जाम लगा कि पूरा शहर की जाम हो गया। आइए बताए कहां और क्यों जाम लगा।
स्थान : रेलवे रोड
समय : 01:00 बजे
शहर के रेलवे रोड पर रविवार की सुबह ही जाम लग गया था। यहां जाम लगने का सबसे कारण ई-रिक्शा और उल्टे सीधे खड़े वाहन रहे। वहीं, इस रोड पर स्थित दुकानों के सामने अतिक्रमण भी जाम का सबसे बड़ा कारण रहा। यहां पर ई-रिक्शा चालक अपने अंदाज में रिक्शाओं को खड़ी कर देते हैं। जिस कारण दूसरे वाहन को निकलने की जगह नहीं मिलती है। इसी कारण यहां पर रोजाना की तरह रविवार को भी जाम लगा।
स्थान : शिकारपुर बाइपास
समय : 01:50
रविवार को शहर को सबसे बड़ा जाम शिकारपुर बाइपास पर लगा। यहां तो हर रोज जाम लगता है, लेकिन रविवार को करीब एक घंटे बाद जाम खुला। यहां जाम लगने का मुख्य कारण नालों व सीवर की खुदाई होना है। सीवर की खुदाई करके मिट्टी को रोड पर डाल दिया जाता है। जिस कारण वाहन निकलने का रास्ता नहीं मिलता है। यहां पर ट्रैफिक पुलिस का भी कोई पुलिसकर्मी नहीं रहता है।
स्थान : चांदपुर रोड
समय : 02:25
चांदपुर रोड शहर का मुख्य रोड है। इसी रोड से तो लोग तहसील में जाते हैं और इसी रोड पर जिलाधिकारी, एसएसपी और अन्य अधिकारियों के आफिस है। कचहरी भी इसी रोड पर है। रविवार को सब आफिस बंद रहते है। बावजूद इसके रविवार को यहां पर भयंकर जाम लगा। रेलवे फाटक के दोनों ओर लंबी लंबी वाहनों की तार लग गई। यहां रविवार को जाम लगने का कारण कोई पुलिसकर्मी नहीं होना है।
स्थान : खुर्जा रोड
समय : 01:30
शहर के खुर्जा रोड पर भी जाम का सबसे कारण ई-रिक्शा और आटो है। इनके चालक अपने मनमाने ढंग से आटो और ई-रिक्शा को खड़ा कर देते हैं। जिस कारण यहां पर दूसरे वाहनों को निकलने का रास्ता नहीं मिल पाता है। रविवार को भी ऐसा ही हुआ। यहां भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी का कोई भी पुलिसकर्मी नहीं रहता है।
सोमवार को क्या होगा
रविवार को छुट्टी होने के कारण शहर जाम की जकड़ में रहा। यह हालात तब थे, जब सभी सरकारी दफ्तर बंद थे। वहीं, कचहरी और स्कूल भी बंद थे। सोमवार को यह सब खुलेंगे। सोमवार को शहर फिर से जाम की चपेट में आ सकता है।