मथुरा मॉडल से बदलेगी जिले के ट्रैफिक की सूरत
जिले की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने और शहरी क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम से स्थाई निदान का प्लान तैयार किया जा रहा है।
बुलंदशहर : जिले की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने और शहरी क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम से स्थाई निदान का प्लान तैयार किया जा रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए मथुरा में लागू किया गया ट्रैफिक मॉडल यहां अपनाया जाएगा।
फिलहाल कम संसाधन और कोई कारगर योजना न होने से जिले वासियों को सबसे अधिक आए दिन लगने वाले जाम से दिक्कत हो रही है। शहर से लेकर कस्बों तक में जाम की स्थिति अधिक विकराल रूप धारण कर चुकी है। इससे निपटने के लिए तैयार हो रहे इस प्लान की कमान खुद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने थामी है। चौराहों से लेकर मुख्य बाजार और हाईवे तक को इस योजना में शामिल किया जाएगा। प्लान के तहत पुलिस-प्रशासन तो अपने स्तर से काम करेंगे ही, आमजन की भागीदारी भी होगी।
सबसे पहले होगा सर्वे
बुलंदशहर के साथ खुर्जा, सिकंदराबाद, शिकारपुर, जहांगीराबाद और गुलावठी में सबसे अधिक जाम की स्थिति रहती है। जिले में 17 निकाय हैं और सभी जगह जाम लगने के कारण लगभग एक समान ही है। ऐसे में पहले सभी निकायों में जाम लगने के मुख्य कारणों का सर्वे कराया जाएगा। इसमें लोगों से सुझाव भी लिए जाएंगे।
जिले में बढ़ेगा वन-वे का दायरा
फिलहाल जिले में सिर्फ डिप्टीगंज तिराहे से अंसारी रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू है, फिर भी यहां दिनभर जाम की स्थिति रहती है। लोग बड़े वाहन लेकर इस रोड पर आसानी से घूमते हैं। उधर, नए प्लान में वन-वे व्यवस्था लागू करने के लिए शहर के साथ खुर्जा और सिकंदराबाद को भी शामिल किया जाएगा।
शहर में दिनभर रहता है जाम
अस्पताल रोड, डिप्टी गंज, अंबर सिनेमा, चांदपुर रोड, डीएवी तिराहा, स्याना अड्डा, बाइपास रोड, काली नदी रोड, चौक बाजार आदि पर अधिक जाम की स्थिति रहती है।
काफी कुछ बदला जाएगा
- सौ प्रशिक्षित होमगार्डो को यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए तैनात किया जाएगा।
- ट्रैफिक बैरियर की संख्या बढ़ाई जाएगी और उनका रंग भी बदला जाएगा।
- ट्रैफिक बैरियर पर संबंधित अफसरों के नंबर भी अंकित किए जाएंगे।
- जाम लगने की स्थिति में नंबर पर कॉल सूचना दे सकेंगे लोग।
- शहर के साथ खुर्जा और सिकंदराबाद के मुख्य बाजारों में वन वे व्यवस्था भी लागू होगी।
- जिले में नो एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।
- निकायों के बाजारों में पसरे अतिक्रमण को हटाने के लिए व्यापारियों से सहयोग लेंगे।
- हाईवे पर जाम लगने से रोकने के लिए होमगार्डो को पर्याप्त संख्या में तैनात किया जाएगा।
- बुकलेट का प्रकाशन कराकर ट्रैफिक नियमों और अन्य सुविधाओं की जानकारी देंगे।
जिले की स्थिति
17 - निकाय हैं जिले में
25 - ट्रैफिक पुलिस कर्मी हैं जिले में तैनात
50 - होमगार्ड भी संभाल रहे हैं यातायात व्यवस्था
12 - मुख्य बाजारों पर लागू होगा प्लान
इन्होंने कहा ..
शहर के साथ जिले की बड़े कस्बों को जाम से मुक्ति के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। कई नए सुधार किए जाएंगे। ट्रैफिक सुधार के लिए तैयार होने वाले प्लान पर काम शुरू कर दिया है।
- प्रभाकर चौधरी, एसएसपी