विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या ट्रेन या जहाज में हुआ है आपका जन्म..., जनगणना के 40 सवालों के जवाब से स्कैन हो जाएगी पूरे कुनबे की 'कुंडली'!

By Jagmohan Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 29 Oct 2026 02:14 PM (IST)

जनगणना में 40 सवालों के जरिए हर परिवार की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इनमें जन्म स्थान, धर्म के 278 विकल्प, राष्ट्रीयता और डिजिटल साक्षरता जैसे रोचक पहलू शामिल हैं।

एआई द्वारा जेनरेट की गई तस्वीर।

एआई द्वारा जेनरेट की गई तस्वीर।

HighLights

  1. जनगणना में पूछे जाने वाले 40 सवालों में कई बहुत रोचक। 

  2. जन्म स्थान, धर्म, राष्ट्रीयता पर विस्तृत विकल्प उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। एक दिसंबर से घर-घर जनगणना शुरू होने वाली है। इसके लिए जो 40 सवाल तैयार किए गए हैं, उनके जवाबों से आप ही नहीं आपके पुरखों तक की जिंदगी स्कैन हो जाएगी।

इन सवालों में कई बहुत रोचक हैं। मसलन जिन लोगों का जन्म ट्रेन, बस, जहाज या नाव में हुआ है, तो इसका विवरण अलग से दर्ज किया जाएगा। इसी तरह मोबाइल पर केवल यू-ट्यूब, फेसबुक आदि चलाने से ही कोई डिजिटल साक्षर नहीं माना जाएगा।

अभी फील्ड ट्रेनर प्रगणकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके बाद 16 से 30 नवंबर तक आनलाइन स्वगणना होगी। एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जनगणना होगी। परिवार से संबंधित प्रश्नावली में शामिल सभी 40 सवाल हर सदस्य से पूछे जाएंगे।

इनमें मुखिया से संबंध के कालम में बच्चा दत्तक है या सौतेला, यह भी दर्ज होगा। दो या अधिक विवाह करने वालों को विवाह के समय की उम्र के कालम में पहले विवाह की उम्र दर्ज करानी होगी। धर्म के कालम में 278 आप्शन हैं।

इसमें नागरिकों को धर्म के कालम में हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध के विकल्प दिए गए हैं। साथ ही संप्रदायों और अन्य धर्मों के 278 विकल्प भी हैं।

इनमें अघोरी, अलख, अंबा उपासक, आनंदीमार्गी, आर्यसमाज, बैरागी, वैष्णव, वाल्मीकि, ब्रह्मकुमार, ब्रह्मकुमार, छिन्नमस्ता, दत्तात्रेय, धर्मठाकुर, गोगाजी, कबीरपंथी, नाथपंथी, तांत्रिक, विट्ठलपंथी आदि शामिल हैं। इसके अलावा नागरिकों को राष्ट्रीयता के कालम में भारत के साथ 35 देशों का विकल्प में उपयुक्त चुनना होगा।

भारतीय नागरिक तो भारत के विकल्प पर टिक लगाएंगे। ड्राप डाउन में अफगानिस्तान, आस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भूटान, कनाडा, चीन, फिजी, फ्रांस, जर्मनी पाकिस्मान, पुर्तगाल, श्रीलंका, अमेरिका, युगांडा, ब्रिटेन जैसे 35 मुल्क दर्ज हैं।

इनके अलावा किसी देश की नागरिकता होने पर उसका नाम अलग से टाइप करना होगा। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी डा. अश्विनी कुमार सिंह का कहना है कि जनगणना के लिए तय नियमों के मुताबिक प्रगणकों का वीआइआइटी कालेज में प्रशिक्षण पूरा हो रहा है।

40 सवालों में हर एक सवाल पर चर्चा कर छोटी से छोटी जानकारी दी जा रही है ताकि जनगणना का काम पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके।

एससी के 70 और एसटी के 23 आप्शन

जाति के कालम में अनुसूचित जाति में 70 और अनुसूचित जनजाति में 23 विकल्प दिए गए हैं। अगर नागरिक एससी एसटी में नहीं हैं तो उसे अन्य जाति लिखनी होगी। इसके अलावा पिता का नाम, जन्मतिथि, जन्म स्थान, पिता का धर्म के कालम भी होंगे। अगर किसी के पिता ने धर्म परिवर्तन किया हैं तो उनका अंतिम धर्म दर्ज किया जाएगा।