देश के प्रथम राष्ट्रपति की जयंती व विकलांग दिवस मनाया
दिव्यांगजनों ने अंतरराष्ट्रीय विकलांग दिवस मनाया। नगर में कई संस्थाओं ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए।
बुलंदशहर, जेएनएन: जिलेभर में दिव्यांगजनों ने अंतरराष्ट्रीय विकलांग दिवस मनाया। नगर में कई संस्थाओं ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए। स्व. अंगूरी देवी दिव्यांग कृत्रिम अंग संस्थान ने मलका पार्क में दिव्यांग दिवस मनाया। इस दौरान कुमारी वीना शर्मा ने दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं की बाबत जागरुक किया। डा. भूदेव सिंह ने दिव्यांगों को स्वस्थ्य रहने और दवाइयों की बाबत जागरुक किया। वहीं, पेंशन आवेदन फार्म भी मौके पर भराए गए। इस मौके पर सैकड़ों दिव्यांगजनों ने कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं, दिव्यांगजनों ने नगर पालिका चेयरमैन पर मलका पार्क में कार्यक्रम न करने और अभद्रता करने का आरोप भी लगाया। उधर, दिव्यांग जन कल्याण समिति ने मौहल्ला टांडा स्थित कार्यालय पर विकलांग दिवस मनाया। जिला अध्यक्ष केपी सिंह ने दिव्यांगजनों को समाज से जोड़ने के लिए शादी योजना चलाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड बनवाने, स्वरोजगार के लिए पंजीकरण भी कराए। इस मौके पर बीना शर्मा, सत्यपाल सिंह, सतवीर सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, डीएवी तिराहा स्थित समाज कल्याण छात्रावास में दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम कला प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़, रस्सा कसी, छूकर पहचानो, जलेबी प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया। इस मौके पर डायट के प्राचार्य महेंद्र सिंह राणा, बीएसए अखंड प्रताप सिंह, पूरन सिंह आदि मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने काला आम चौराहा स्थित रानी विक्टोरिया पार्क में विकलांग दिवस मनाया गया। सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिला न्यायधीश नीलकंठ सहाय ने 11 मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई और संविधान की प्रस्तावना का पाठन किया गया। देश के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद की जयंती भी मनाई गई। इस मौके पर विष्णु शर्मा, दीपा जैन, सूर्या, अमिशा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।