बुलंदशहर में महिला को बेचने और खरीदने वालों पर मुकदमा दर्ज Bulandshahr News
बुलंदशहर में एक महिला को उसके पति ने ही चार लाख में बेच दिया। महिला की तहरीर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। खानपुर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को उसके पति ने ही चार लाख में बेच दिया। जिन लोगों ने उसे खरीदा उन्होंने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला काफी समय से एसएसपी के यहां चक्कर लगा रही थी। बुधवार को महिला की तरफ से एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ महिला को बेचने और खरीदने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फैसले का अनुरोध किया था
दरअसल, महिला ने बताया कि उसकी शादी नरसेना थानाक्षेत्र के एक गांव के अजीत सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि अजीत ने महिला को घर से निकाल दिया। वह मायके में आई तो मायके पक्ष ने भी महिला को नहीं रखा। इसके बाद वह अकेली रहने लगी। महिला ने बताया कि उसके पति अजीत सिंह का खानपुर थानाक्षेत्र के गांव मनिया टिकरी निवासी पप्पन और रामवती के पास आना जाना था। यह दोनों खुद को देवी के भक्त बताते हैं और दरबार लगाते हैं। इसलिए महिला ने इन दोनों से अनुरोध किया कि वह उसके पति से उसका फैसला करा दे।
इस तरह किया सौदा
इसके बाद रामकिशन और रामवती ने फैसला कराने के लिए मनिया टिकरी में ही उसके पति अजीत, जेठ के बेटे संदीप और मेरठ के सिखेड़ा गांव निवासी अजबसिंह को बुला लिया। महिला का आरोप है कि फैसला कराने के बजाए उसके पति अजीत ने रामवती और पप्पन से बातचीत करके उसे चार लाख रुपये में सिखेड़ा निवासी अजबसिंह को बेच दिया। अजबसिंह और संदीप ने मिलकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया। इसके बाद अजबसिंह ने उसे जबरन खानपुर में एक किराए के मकान में ले जाकर रख दिया। महिला को धमकी दी कि यदि वह भागी तो उसकी बेटियों को मौत के घाट उतार देगा। किसी तरह से महिला खानपुर से निकलकर एसएसपी के पास पहुंची। एसएसपी ने बताया कि आरोपितों की तलाश में खानपुर पुलिस को निर्देश दिए गए हैं।