उपचुनाव : किसान हुए महान, हो रहा गुणगान
जिले की सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में सभी दलों का मुख्य ध्यान किसानों पर टिका हुआ है। शहर को छोड़ दें तो सबसे अधिक किसानों को ही रिझाने की कवायद हर दल द्वारा की जा रही है।
बुलंदशहर, जेएनएन। जिले की सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में सभी दलों का मुख्य ध्यान किसानों पर टिका हुआ है। शहर को छोड़ दें तो सबसे अधिक किसानों को ही रिझाने की कवायद हर दल द्वारा की जा रही है। अभी तक रालोद-सपा गठबंधन, भाजपा और कांग्रेस की जनसभाओं में भी किसान ही संबोधन के केंद्र में रहे हैं। भाजपा ने जहां किसानों के लिए किए गए कामों को समझाते हुए अपने पक्ष रखा। वहीं विपक्ष ने किसानों की खराब हालत को लेकर किसानों के बीच पहुंचने का प्रयास किया है।
सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के दंगल में उतरे सभी दलों के प्रत्याशियों के लिए ग्राम देवता पहले नंबर पर है। विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जहां चौपाल का आयोजन कर किसानों के सामने पार्टी की नीतियों का जोरदार बखान हो रहा है, वहीं अभी तक किसानों के लिए किए गए काम ओर चलाई गई योजनाओं के बहाने नफा-नुकसान का गुणा-गणित भी साथ-साथ चल रहा है। सबसे पहले सपा-रालोद गठबंधन की जनसभा आयोजित की गई। जनसभा को किसान महापंचायत का नाम दिया गया और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित चौधरी ने अपने संबोधन में किसान को ही पहले नंबर पर रखा। इसके बाद भाजपा की जनसभा में भी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बहाने किसानों पर ही ध्यान केंद्रित किया। उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी अपनी जनसभा में किसानों की दुर्दशा की चर्चा करते हुए अपनी बात शुरू और समाप्त की। अब रविवार को आजाद समाज पार्टी की जनसभा में भी किसानों की दिक्कतों को जोरदार ढंग से उठाया गया। फिलहाल खामोश है किसान
उपचुनाव को लेकर तमाम दलों के प्रत्याशी मैदान मारने के लिए गांव-गांव, गली-गली नापने में लगे हैं। उधर, किसान फिलहाल अपनी धान की फसल को समेटने के साथ आलू की बुआई में जुटा हुआ है। ऐसे में किसानों के बीच अपनी बात रखने के लिए प्रत्याशी समय का पूरा ध्यान रख रहे हैं। दोपहर और शाम के समय गांवों में चौपाल लगाई जा रही है। उधर, चुनावी माहौल में फिलहाल किसान खामोश है।