कामगारों को लेकर रवाना हुई आठ रोडवेज बसें
प्रशासन की पहल के बाद अब पश्चिम बंगाल के कामगारों को भी भेजा जा रहा है। रविवार शाम नगर से इन्हें लेकर आठ रोडवेज बसें रवाना की गई। घर वापसी पर इन कामगारों के चेहरे खिल उठे।
बुलंदशहर, जेएनएन। प्रशासन की पहल के बाद अब पश्चिम बंगाल के कामगारों को भी भेजा जा रहा है। रविवार शाम नगर से इन्हें लेकर आठ रोडवेज बसें रवाना की गई। घर वापसी पर इन कामगारों के चेहरे खिल उठे।
पॉटरियों में काम करने वाले कामगारों घर भिजवाने की मांग को लेकर पॉलीटेक्निक मैदान में एकत्र हुए थे। जहां से बिहार निवासी कामगारों को रोडवेज बसों से भेजा गया। पश्चिम बंगाल निवासी कामगार भी घर भिजवाने की मांग को लेकर वहां डटे रहे। उन्होंने कई बार हंगामा भी किया। जिस पर प्रशासन ने उनके घर वापसी की व्यवस्था कराई। शनिवार के बाद रविवार शाम को भी बसें यूपी बार्डर देवरिया के लिए रवाना की गई। रविवार शाम ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ईशा प्रिया, तहसीलदार एनके द्विवेदी, सीओ सुरेश सिंह, कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह पहले जंक्शन मार्ग स्थित गांव टैना और नेहरूपुर चुंगी पर पहुंचे। जहां से आठ रोडवेज बसों में करीब 250 कामगारों को रवाना किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो यह बसें मजदूरों को देवरिया तक छोड़ेंगी। जिसके बाद बिहार सरकार उन्हें आगे गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था कराएगी।