बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत, तहेरा भाई गंभीर रूप से घायल
बुलंदशहर के खुर्जा में जीटी रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई, ...और पढ़ें

हादसे के बाद मौके पर जमा भीड़।
HighLights
खुर्जा में जीटी रोड पर हुआ भीषण सड़क हादसा।
हादसे के बाद आरोपित चालक ट्रक छोड़कर फरार ।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड पर सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनके ताऊ का लड़का घायल हो गया। घायल को नगर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद आरोपित चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड पर दादू पटरी के निकट बाइक को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 47 वर्षीय हीरालाल पुत्र वीरपाल निवासी मीरपुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका भाई 45 वर्षीय दिनेश और ताऊ का बेटा जयपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि जयपाल का उपचार चल रहा है। जानकारी होने पर दोनों भाइयों के स्वजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि हीरालाल और दिनेश दिल्ली में मजदूरी करते थे। दोनों मंगलवार को दिल्ली से अपने घर किसी कार्य से आए थे। जहां से दोनों बुधवार सुबह तहसील किसी कार्य से आ रहे थे। उधर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
युवक हत्याकांड में आरोपित महिला गिरफ्तार
छतारी : विवाहित प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला से पूछताछ करते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
छतारी के गांव जिनामई निवासी 22 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह की सोमवार रात महिला के घर में पीटकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने महिला, उसके पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
