विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बकायदारों से बिल वसूली का बड़ा अभियान चलाएगा बिजली विभाग, घर-घर पहुंचेंगे अधिकारी, होगी छापेमारी

Published: Tue, 08 Sep 2026 09:02 AM (IST)

बुलंदशहर ऊर्जा निगम सर्किल प्रथम ने इस वर्ष 50 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा है, जो पिछले साल से 15% अधिक है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 50 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व वसूली का लक्ष्य।

  2. ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान और शिविर लगेंगे।

  3. बिजली चोरों के खिलाफ छापेमारी भी की जाएगी।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। ऊर्जा निगम के सर्किल प्रथम ने सितंबर 2025 में लगभग 41 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली की थी। इस वर्ष वसूली का लक्ष्य 15 प्रतिशत बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये से अधिक करने की योजना बनाई गई है।

इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बकायेदार उपभोक्ताओं से वसूली करेंगे। शिविर लगाकर बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली की जाएगी और बिजली चोरों के खिलाफ छापेमारी का अभियान भी चलाया जाएगा।

सर्किल प्रथम के हजारों उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये का बिजली बिल बकाया है। इनमें आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। जो उपभोक्ता 5000 रुपये से अधिक का बिल नहीं जमा करते हैं, वे बकायेदारों की सूची में शामिल हैं।

इस बार वसूली का लक्ष्य बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये से अधिक करने के लिए सितंबर में विशेष अभियान शुरू किया गया है। सभी डिविजनों के बिजलीघर क्षेत्रों में शिविर लगाकर राजस्व वसूली कराने और बिजली चोरी रोकने के लिए छापेमारी के निर्देश भी अधीक्षण अभियंता ने दिए हैं।

सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक लगाए जाएंगे शिविर

विशेष अभियान के तहत शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाए जाएंगे। इस दौरान एसडीओ, अवर अभियंता, लाइन स्टाफ और विद्युत सखी काउंटर बकाया बिजली जमा कराकर राजस्व वसूली का आंकड़ा बढ़ाएंगे। विजिलेंस के साथ ऊर्जा निगम की टीम सुबह और शाम छापेमारी करेगी। कनेक्शन काटकर बिजली चोरी पर कार्रवाई की जाएगी।

पिछले वर्ष सितंबर में जितना राजस्व वसूली हुई थी, उससे लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा। 50 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व वसूली कराने के लिए विशेष शिविर लगाने और छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

-हर्षित श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता सर्किल प्रथम, ऊर्जा निगम।