विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में पुलिस का अजीब कारनामा, चोरी हुए सोने के जेवरात, थमा दिए पीतल; अधिकारियों के चक्कर काट रही विधवा

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:39 PM (IST)

बुलंदशहर में एक विधवा को चोरी हुए सोने के जेवरात की जगह पुलिस ने पीतल के गहने थमा दिए। न्याय ...और पढ़ें

पीतल के जेवरात दिखाती किसान की विधवा पत्नी उर्मिला। जागरण

पीतल के जेवरात दिखाती किसान की विधवा पत्नी उर्मिला। जागरण

HighLights

  1. चोरी हुए सोने के जेवरात की जगह पीतल के गहने मिले।

  2. पीड़ित विधवा न्याय के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रही।

  3. पुलिस ने बरामद माल को सीलबंद सौंपने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। छपरावत गांव में किसान के मकान से हुए सोने के जेवरात चोरी की घटना में पुलिस ने एक साल बाद जेवरात थमाकर अपनी वाहवाही लूट ली हो, लेकिन किसान की विधवा पत्नी को थमाए गए जेवरात सोने की जगह पीतल के निकले। न्याय के लिए विधवा पुलिस अधिकारियों की चौखट पर चक्कर काटकर थक चुकी है।

छपरावत गांव निवासी उर्मिला पत्नी स्व.सतेंद्र सिंह ने बताया कि उनके मकान में एक वर्ष पूर्व मई माह में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें मंगलसूत्र, कानों के टापस, दो अंगूठी, एक सोने का सेट, एक सेट झूमकी, एक अंगूठी डायमंड आदि सामान चोरी हुआ था।

घटना के दो माह बाद पहासू थाना पुलिस व देहात स्वाट टीम ने पंखिया गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का राजफाश किया। इसके बाद किसान की विधवा पत्नी ने बदमाशों से बरामद हुए जेवरात को रिलीज कराने के लिए अदालत की शरण ली।

विधवा ने बताया कि 30 अगस्त को गुलावठी थाने से उन्हें मंगलसूत्र व कानों के टाप्स सुपुर्दगी में दिए गए। जब वह उन्हें सुनार की दुकान पर लेकर पहुंची तो पुलिस द्वारा बरामद दिखाए गए जेवरात पीतल के निकले। विधवा का

आरोप है कि सोने के जेवरात चोरी हुए थे लेकिन पुलिस ने उन्हें पीतल के थमाए दिए। मंगलसूत्र व कानों के टाप्स दस ग्राम के थे लेकिन जो उन्हें मिले है वह 17 ग्राम के है। आरोप है कि इस मामले को लेकर वह एसएसपी व सीओ से कई बार मिल चुकी है। गुलावठी थाने के आठ दिन से चक्कर काट रही है।

इन्होंने कहा...

माल की बरामदगी पहासू थाना पुलिस द्वारा की गई थी। अदालत से माल रिलीज के आदेश के बाद सील लगा माल पहासू थाने से मंगाकर महिला व उसके बेटे के सुपुर्द कर दिया गया। सुपुर्दगी में दिए गए माल की वीडियो भी बनाई गई है।

-धर्मेंद्र कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली गुलावठी।