बुलंदशहर: गोवंश के हत्यारोपितों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश गोली लगने से घायल
बुलंदशहर में चोला थाना और स्वाट पुलिस की गोवंश हत्या के आरोपितों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो वांछित ...और पढ़ें

HighLights
दो वांछित बदमाशों को पैर में गोली लगी, गिरफ्तार।
अवैध तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। चोला थाना और स्वाट पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवंश के हत्यारोपितों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में वांछित चल रहे दो बदमाशों को पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घायलों आरोपितों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ सिकंदराबाद दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त की रात चोला थाना क्षेत्र के गांव सुतारी के कब्रिस्तान में बदमाशों ने गोवंश की हत्या कर अवशेष डाल दिए थे। सूचना पर पहुंचे हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा प्रदर्शन करते आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस जांच में छह आरोपितों के नाम प्रकाश में आए थे। सीओ ने बताया कि सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान चोला थाना और स्वाट पुलिस टीम सिकंदराबाद-खुर्जा रोड पर पचौता गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ में की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
जिनको घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आरिफ पुत्र रमजान व राशिद पुत्र अलाउद्दीन निवासीगण ग्राम सुतारी थाना चोला के रुप में हुई हैं। गिरफ्तार घायल बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कब्रिस्तान में गौवंश की हत्या करने का अपराध स्वीकार किया है।
घायल बदमाशों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपित आरिफ पर चोला व गुलावठी थाने में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि राशिद पर चोला और कोतवाली देहात में गौवंश की हत्या और आर्म्स एक्ट में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी को लगातार पुलिस दबिश दे रही हैं।
