विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर से बुलाकर शराब पिलाई, फिर कहासुनी होने पर सिर में ईंट मारकर दोस्त को मौत के घाट उतारा; अगले माह होनी थी शादी

By Vishal Dixit Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 25 May 2026 12:28 PM (IST)

Bulandshahr News: बुलंदशहर के अहमदगढ़ में शराब के नशे में कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने दोस्त की ईंट ...और पढ़ें

अरविंद फाइल फोटो, घटनास्थल का निरीक्षण करते एसएसपी दिनेश कुमार सिंह।

अरविंद फाइल फोटो, घटनास्थल का निरीक्षण करते एसएसपी दिनेश कुमार सिंह।

HighLights

  1. बुलंदशहर के खुशरुपुर गांव का मामला।

  2. पुलिस ने केस दर्ज किया, आरोपित गिरफ्तार

संवाद सूत्र, अहमदगढ़ (बुलंदशहर)। 

युवक ने घर से बुलाकर दोस्त के साथ रजवाहा की पुलिया के नीचे बैठकर पहले शराब पी, इसके बाद ईंट से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। मरने वाले युवक की नौ जुलाई को शादी होने वाली थी। आरोपित ने नशे में कहासुनी होने पर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।

खुशरुपुर गांव के नेत्रपाल सिंह ने बताया कि उनका 23 वर्षीय बेटा अरविंद कुमार बढ़ई का कार्य करता था। शनिवार शाम लगभग चार बजे अरविंद का दोस्त गांव का ही रहने वाला कपिल घर आया और उसे बुलाकर ले गया। देर शाम तक बेटा घर पर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की। नहीं मिलने पर रविवार सुबह थाना अहमदगढ़ में सूचना दी।

गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने कपिल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि अरविंद कुमार ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे में दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इस पर उसने सिर पर ईंट से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।

शव पुलिया के नीचे ही छोड़कर भाग आया। पुलिस ने आरोपित कपिल की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शिकारपुर सीओ और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता नेत्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने कपिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घर में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

गुलावठी: मुहल्ला रामनगर ईदगाह के निकट एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गाजियाबाद जिले के विजयनगर निवासी 30 वर्षीय तनु, पुत्री मुकेश गोयल की शादी 2015 में गुलावठी के मुहल्ला रामनगर निवासी मोहित गोयल के साथ हुई थी।

मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि मोहित आए दिन तनु के साथ मारपीट करता था। रविवार को उन्हें सूचना मिली कि तनु ने फांसी लगा ली है। परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या की है। मृतका के दो पुत्री और एक पुत्र है।

पुलिस का मानना है कि घरेलू कलह के कारण विवाहिता की मौत हुई है। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।