विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में जमीन के विवाद में तहेरे भाई की चाकू से गोदकर हत्या, चचेरे भाई ने घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम

By Vishal Dixit Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 08 Aug 2026 07:52 PM (IST)

Bulandshahr News : बुलंदशहर के नारऊ गांव में पुराने जमीनी विवाद को लेकर चचेरे भाई ने अपने तहेरे भाई की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पुलिस ने आरोपित चचेरे भाई व उसके साथी को हिरासत में लिया

  2. अपने छोटे भाई के परिवार के साथ रहते थे अविवाहित आनंद

संवाद सूत्र, छतारी (बुलंदशहर)। जमीन के पुराने विवाद में चचेरे भाई ने तहेरे भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपित ने साथियों के साथ घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। हमलावर वारदात के बाद ईको वैन से फरार हो गए। भागते समय आरोपित का तमंचा मौके पर गिर गया। छोटे भाई की पत्नी संतोष देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपित चचेरे भाई व उसके एक साथी को हिरासत में लिया है।

गांव नारऊ निवासी 62 वर्षीय आनंद स्वरूप शर्मा शुक्रवार रात अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब साढ़े 12 बजे आरोपित अभिषेक शर्मा अपने साथियों के साथ वैन से पहुंचा। आरोपित घर की चारदीवारी फांदकर घर में घुस गया और आनंद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के दौरान हुई चीख-पुकार सुनकर घर में सो रही आनंद के छोटे भाई की पत्नी संतोष देवी की नींद खुल गई। उन्होंने खिड़की से देखकर आरोपित को पहचान लिया।

उनके शोर मचाने पर हमलावर दीवार फांदकर भाग निकले। स्वजन बाहर पहुंचे तो आनंद की मौत हो चुकी थी। छतारी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ मधुप कुमार सिंह व एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध ईको वैन और आरोपितों के भागने की तस्वीरें सामने आई हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि संतोष देवी ने आनंद के चचेरे भाई अभिषेक उर्फ बिल्ला व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। अविवाहित आनंद अपने भाई भानू प्रकाश के परिवार के साथ रहते थे। एसपी देहात ने बताया कि आरोपित चचेरे भाई समेत दो को हिरासत मे लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।

आनंद थे पांच भाई, दो की हो चुकी है मौत

गांव नारऊ निवासी आनंद स्वरूप पांच भाई थे। इनमें बड़े भाई राजकुमार और छोटे भाई रामकिशन की मौत हो चुकी है। आनंद स्वरूप दूसरे नंबर के थे। उनके बाद यतेंद्र, भानू प्रकाश और रामकिशन थे। आनंद अपने भाई भानू प्रकाश के परिवार के साथ रह रहे थे। सभी भाइयों के हिस्से में करीब 20 बीघा जमीन बताई गई है। आनंद अविवाहित थे।

आरोपित के पिता कर चुके हैं मुकदमा

आनंद स्वरूप के खिलाफ पूर्व में आरोपित के पिता देवदत्त ने दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच के बाद दोनों मामलों में आनंद स्वरूप को मुकदमे से बाहर कर दिया गया था। आनंद स्वरूप का आरोपित के पिता देवदत्त से चकबंदी के समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। आनंद के स्वजन का आरोप है कि लगातार आनंद स्वरूप को मुकदमों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने का आरोप है।