विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंबेडकर पार्क में CM का नाम लिखा शिलापट तोड़कर फेंका, चेयरमैन ने अपना लगवाया; बुलंदशहर के खानपुर का मामला

By Sunder Singh Rana Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 16 Apr 2026 06:46 PM (IST)

Bulandshahr News : खानपुर नगर पंचायत के आंबेडकर पार्क में मुख्यमंत्री के शिलापट को हटाकर चेयरमैन इमरान कुरैशी का शिलापट ...और पढ़ें

गुस्साए लोगों ने आंबेडकर पार्क पहुंचकर किया हंगामा।

गुस्साए लोगों ने आंबेडकर पार्क पहुंचकर किया हंगामा। 

HighLights

  1. चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में दी गई तहरीर

  2. गुस्साए लोगों ने आंबेडकर पार्क पहुंचकर किया जमकर हंगामा।

संवाद सूत्र, खानपुर (बुलंदशहर)। खानपुर नगर पंचायत के चेयरमैन पर आंबेडकर पार्क में मुख्यमंत्री के शिलापट को तुड़वाकर फेंकने और अपना शिलापट लगवाने का आरोप है। इसे लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने 24 घंटे में मुख्यमंत्री का शिलापट लगवाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। एक व्यक्ति ने नगर पंचायत चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।

नगर के आंबेडकर पार्क में मुख्यमंत्री के नाम के लगे शिलापट को तोड़कर फेंक दिया गया। इसके बाद नगर पंचायत चेयरमैन इमरान कुरैशी का शिलापट लगा दिया गया। गुरुवार को इसकी जानकारी लोगों को होने पर मामले ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि नगर पंचायत चेयरमैन इमरान कुरैशी ने मुख्यमंत्री के शिलापट को तोड़ा है और अपना शिलापट लगवाया है।

गुस्साए लोगों ने आंबेडकर पार्क में जमकर हंगामा किया। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देख नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने उन्हें 24 घंटे में नगर पंचायत चेयरमैन का शिलापट हटाने और मुख्यमंत्री का शिलापट लगवाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।

उधर, टीटू सिंह ने नगर पंचायत चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसमें शीघ्र ही मुख्यमंत्री के नाम का शिलापट को स्थापित कराया जाएगा।

इस संबंध में नगर पंचायत चेयरमैन इमरान कुरैशी ने बताया कि बच्चों से मुख्यमंत्री का शिलापट टूट गया था। इस पर ठेकेदार को नया शिलापट लगाने को कहा था। ठेकेदार ने गलती से उनका शिलापट लगा दिया। 24 घंटे में मुख्यमंत्री के शिलापट को लगवा दिया जाएगा। स्याना विधायक देवेन्द्र लोधी ने बताया कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी।