विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुरानी रंजिश का खौफनाक अंत: घर से बुलाकर मजदूर की हत्या, खेत में मिला खून से लथपथ नग्न शव

By Vipin Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 12 Aug 2026 12:35 PM (IST)

बुलंदशहर में पुरानी रंजिश के चलते एक मजदूर की हत्या कर दी गई। शव ज्वार के खेत में नग्न अवस्था ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. एक साल पहले गांव के ही युवक से शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद

  2. बुलंदशहर पुलिस ने एक नामजद और अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा।

संवाद सूत्र, शिकारपुर (बुलंदशहर)। पुरानी रंजिश के चलते श्रमिक की हत्या कर दी गई। आरोपित सोमवार शाम उसे घर से बुलाकर ले गया था और उसकी हत्या कर शव गांव के पास ही ज्वार के खेत में फेंक दिया। मंगलवार दोपहर ग्रामीणों ने खून से लथपथ नग्न शव खेत में पड़ा देखा।

गांव सदरपुर निवासी 42 वर्षीय नरेश खटीक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। नरेश के भाई सुधीर व मनोज ने बताया कि सोमवार सुबह नरेश की पत्नी नीलम किसी काम से अपने मायके दिल्ली गई थी और उसकी पुत्री पूनम व पुत्र कुलदीप अनूपशहर से गंगाजल लेने गए थे। घर पर नरेश अकेले थे।

शाम चार बजे गांव का ही सम्राट उर्फ मलुआ उनके भाई नरेश को घर से बुलाकर ले गया था। देर शाम तक नरेश के घर वापस न आने पर उनकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार सुबह 11 बजे ग्रामीणों ने खेत में नरेश का शव पड़ा देखा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस ने शव के पास से नरेश के कपड़ों के साथ आरोपित सम्राट के हाथ का कड़ा और चप्पल बरामद की। नरेश के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। आशंका है कि धारदार हथियार या डंडे से हमला कर हत्या की गई है। सुधीर व मनोज ने बताया कि आरोपितों ने घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर स्थित नरेश के बिटोड़े में आग लगा दी थी।

आशंका जताई जा रही है कि आरोपित शव को बिटोड़े में जलाना चाहते थे, लेकिन आग की लपटों को देख या ग्रामीणों को आता देख आरोपित भाग गए। नरेश की पुत्री पूनम कक्षा 12 और पुत्र कुलदीप कक्षा सात में पढ़ते हैं।

सीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि नरेश के चाचा जयपाल सिंह की तहरीर पर आरोपित सम्राट और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं।

एक साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

स्वजन ने बताया कि एक साल पहले नरेश और सम्राट के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था। स्वजन का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपित ने अपने साथियों के साथ नरेश की हत्या की है।